डोंगरगढ़ में भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिया पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा

 


रायपुर, 27 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ शहर मंडल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 111 कार्यकर्ताओं और नेताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा देने की घोषणा की है। नाराज कार्यकर्ताओं ने अपना इस्तीफा भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंपा है।

इस्तीफा देने वालों में मंडल, जिला और प्रदेश स्तर के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चा-प्रकोष्ठों के सदस्य, पूर्व पार्षद, बूथ अध्यक्ष, शक्ति केंद्र प्रभारी और सक्रिय कार्यकर्ता शामिल हैं।

इस्तीफे की वजह शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना की कार्यशैली और कार्यकर्ताओं की कथित उपेक्षा को बताया गया है। इस्तीफे का पत्र सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि वर्तमान शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नौआना, पूर्व विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष रामजी भारती और कुछ स्थानीय व्यापारी नेताओं के दबाव में काम कर रहे हैं।

लंबे समय से समर्पित भाव से काम करने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं को दरकिनार कर घर बैठने पर मजबूर किया गया। इस्तीफे के पत्र में स्थानीय संगठन में परिवारवाद को बढ़ावा देने और गुटबाजी पैदा करने के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।अब तक इस पूरे मामले पर भाजपा जिला संगठन या शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा