कई मरीज व स्वजन गांजा लेकर पहुंच रहे जिला अस्पताल

 




धमतरी, 13 नवंबर (हि.स.)। शराब, गांजा व गुटका लेकर जिला अस्पताल पहुंचना मरीज व उनके स्वजन के लिए कोई नई बात नहीं है। यह सब खुलेआम चल रहा था, लेकिन अब महीनों बाद जब यहां सिक्यूरिटी गार्ड तैनात हुई और जांच शुरू की गई, तब यह सच सामने आ रही है। अब ऐसे नशेड़ियों के खिलाफ सख्ती बरतकर कार्रवाई की जा रही है।

सिक्यूरिटी इंचार्ज ने शुक्रवार काे जांच के दौरान एक मरीज के स्वजन के जेब से गांजा जब्त कर जानकारी जिला अस्पताल प्रबंधन को दी है, ताकि उचित कार्रवाई हो सके। इससे पहले भी सिक्यूरिटी गार्डाें ने गुटका व तंबाकू के खिलाफ जांच अभियान चलाकर जिला अस्पताल को नशामुक्त स्थल बनाने पहल की थी।

जिला अस्पताल के महिला-पुरूष समेत कई अन्य वार्डाें की खिड़कियों के पास गुटका का रेपर, थूकने से लाल कलर की गंदगी और गुड़ाखू डिब्बा आसानी से देखा जा सकता है। वहीं शौचालय में प्रवेश करें, तो शराब की बोतलें भी मिलता रहता है। कुछ मरीज व उनके स्वजन शौचालय में ही शराब का सेवन करते हैं। इस गंदगी से अन्य मरीज व उनके स्वजन काफी परेशान है, उन्हें जिला अस्पताल में सिक्यूरिटी गार्ड तैनात होने का इंतजार था। महीनों बाद अब जिला अस्पताल में सीसीटीवी कैमरा के अलावा सुरक्षा के लिए सिक्युरिटी गार्डों की तैनाती हुई, तो अस्पताल में प्रवेश से पहले मरीज व उनके स्वजन की जांच शुरू हो गई है, यहां जांच के दौरान नशा करने वाले कई लोगों के जेब से गांजा, तंबाकू, गुटखा, बीड़ी व सिगरेट निकल रहा है, जिसे जब्त किया जा रहा है।

गर्भवती महिलाओं के साथ प्रसव के लिए पहुंचने वाली कई महिलाएं गुड़ाखू व गुटका थैला में छिपाकर लाती है। इन महिलाओं की जांच नहीं हो पाती है, ऐसे में प्रसूति वार्ड की शौचालय की खिड़की व कई जगहों पर गुड़ाखू डिब्बा पड़ा रहता है। ऐसे में इन महिलाओं की भी प्रवेश से पहले जांच की जाए, ताकि अस्पताल के शौचालय व खिड़कियां सुरक्षित रहे। जिला अस्पताल सलाहकार गिरिश कश्यप ने बताया कि कुछ लोगों ने नशे की हालत में नया अस्पताल भवन के शौचालय में तोड़फोड़ किया है। वहीं नशा पदार्थ के साथ पकड़ में आने पर ऐसे लोगों को अस्पताल पुलिस चौकी के सुपुर्द किया जाता है या फिर जुर्माना लिया जा रहा है। जांच अभियान बढ़ा दिया गया है। उन्होंने मरीज व उनके स्वजन से जिला अस्पताल में किसी तरह के नशीला पदार्थ लेकर नहीं आने अपील की है, ताकि कार्रवाई से बच सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा