मुलमुला क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम, स्पीड ब्रेकर, डेलिनेटर व साइन बोर्ड लगाए गए

 


जांजगीर-चांपा, 21 जून (हि. स.)। जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस और लोक निर्माण विभाग ने संयुक्त रूप से महत्वपूर्ण पहल की है।

थाना मुलमुला क्षेत्र के दुर्घटना संभावित मार्गों पर व्यापक सड़क सुरक्षा कार्य पूरे किए गए हैं, जिनसे सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के नेतृत्व में सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह अभियान चलाया गया। इससे पहले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, एसडीएम अकलतरा सुमित बघेल, पीडब्ल्यूडी के एसडीओ लव कुमार जायसवाल तथा थाना प्रभारी मुलमुला पारस पटेल ने ग्राम बनाहिल से त्रिमूर्ति चौक मुलमुला मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया था।

निरीक्षण के दौरान सड़क पर मौजूद विभिन्न कमियों को चिन्हित किया गया और आवश्यक सुधार कार्यों के लिए संबंधित विभागों को निर्देश जारी किए गए। इसके बाद पुलिस और पीडब्ल्यूडी के समन्वय से सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए गए।

थाना मुलमुला क्षेत्र के ग्राम बनाहिल से त्रिमूर्ति चौक तक के मार्ग पर दुर्घटना संभावित स्थानों पर कुल छह जगहों पर सात मीटर लंबे स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं। इनमें बनाहिल में दो, नरियारा में तीन और मुलमुला में एक स्थान शामिल है। इन स्पीड ब्रेकरों का उद्देश्य वाहनों की गति को नियंत्रित कर दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है।

इसके अलावा सड़क के अंधे मोड़ों और जोखिम वाले क्षेत्रों में वाहन चालकों को बेहतर मार्गदर्शन देने के लिए कुल 70 डेलिनेटर लगाए गए हैं। ये डेलिनेटर विशेष रूप से रात के समय और कम दृश्यता की स्थिति में वाहन चालकों को सड़क की दिशा समझने में मदद करेंगे।

सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलों और संवेदनशील स्थानों पर कुल आठ हैजार्ड मार्कर भी लगाए गए हैं। ये मार्कर खराब मौसम और रात्रिकालीन यात्रा के दौरान वाहन चालकों को अतिरिक्त सुरक्षा संकेत प्रदान करेंगे।

नरियारा क्षेत्र में यातायात नियमों और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आठ स्थानों पर चेतावनी एवं दिशा-निर्देश संबंधी साइन बोर्ड भी लगाए गए हैं। इन संकेतकों के माध्यम से वाहन चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के लिए आवश्यक जानकारी मिल सकेगी।

जांजगीर-चांपा पुलिस के अनुसार इस पूरी पहल का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों को सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूक करना और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों को अधिक सुरक्षित बनाना है। स्थानीय नागरिकों और वाहन चालकों ने पुलिस एवं पीडब्ल्यूडी की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनहित में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम बताया है।

पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है। वाहन चलाते समय निर्धारित गति सीमा का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT