समय सीमा बीतने के बाद भी पूरी नहीं हुई धमतरी-रायपुर ब्रॉडगेज परियोजना, धमतरीवासियों को ट्रेन सेवा का इंतजार

 


धमतरी, 24 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के ऐतिहासिक छोटी रेल लाइन को बंद कर धमतरी-रायपुर बड़ी रेल लाइन के निर्माण की शुरुआत के बाद तय समय सीमा बीत जाने के बावजूद परियोजना पूरी नहीं हो सकी है। इसके चलते धमतरीवासियों को अब भी ट्रेन सुविधा का इंतजार है।

राजधानी रायपुर सहित अन्य स्थानों तक आवागमन के लिए लोगों को अधिक किराया खर्च कर बस और अन्य साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। नागरिकों ने जल्द से जल्द बड़ी रेल लाइन का काम पूरा कर ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग की है, ताकि आवागमन में सुविधा मिल सके। पुराने रायपुर-धमतरी मार्ग से राजधानी की दूरी करीब 67 किलोमीटर और राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से लगभग 75 से 78 किलोमीटर है। सड़क मार्ग से रायपुर पहुंचने में करीब दो घंटे लगते हैं, जबकि बड़ी रेल सेवा शुरू होने पर यह सफर काफी कम समय में पूरा हो सकेगा। इससे धमतरी के साथ बालोद, कांकेर और ओडिशा क्षेत्र के लोगों को भी लाभ मिलेगा।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की रायपुर-धमतरी ब्राडगेज परियोजना के लिए शुरुआत में शासन से 544 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिली थी, लेकिन निर्माण में देरी के चलते लागत बढ़कर 880 करोड़ रुपये हो गई। इसके बाद भी परियोजना पूरी नहीं हो सकी है। विभागीय स्तर पर 15 अगस्त 2026 तक कार्य पूरा करने की समय सीमा निर्धारित की गई थी, जो बीत चुकी है। अब जनवरी 2027 तक कार्य पूरा होने की नई समय सीमा बताई जा रही है।

एसडीएम पीयूष तिवारी ने बताया कि बड़ी रेल लाइन का कार्य तेजी से चल रहा है। कुछ कार्य लंबित हैं, जिन्हें पूरा किया जा रहा है। अगले वर्ष धमतरी में बड़ी रेल की सुविधा शुरू होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा