कोरबा में ठेका मजदूरों का बड़ा आंदोलन, 7 घंटे बंद रही रानी अटारी खदान
कोरबा, 10 नवंबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एसईसीएल की रानी अटारी खदान में ठेका मजदूरों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर जोरदार आंदोलन किया। छत्तीसगढ़ किसान सभा के नेतृत्व में सैकड़ों ठेका श्रमिकों ने मंगलवार सुबह 6 बजे से खदान बंद कर कोयला परिवहन रोक दिया। करीब 7 घंटे तक चले इस आंदोलन के कारण खदान में उत्पादन पूरी तरह ठप रहा। आंदोलन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात रहा।
यह मामला एसईसीएल के चिरमिरी क्षेत्र अंतर्गत रानी अटारी और विजय वेस्ट भूमिगत खदानों में कार्यरत ठेका मजदूरों से जुड़ा है। श्रमिकों का आरोप है कि उन्हें पेमेंट स्लिप, पहचान पत्र (आई कार्ड), सुरक्षा उपकरण और एचपीसी (हाई पावर कमेटी) की निर्धारित दरों के अनुसार मजदूरी नहीं दी जा रही है। इसके अलावा समय पर वेतन भुगतान, पीएफ की जानकारी और सामाजिक सुरक्षा जैसी सुविधाएं भी नहीं मिल रही हैं।
सात घंटे तक खदान बंद रहने के बाद एसईसीएल चिरमिरी क्षेत्र के महाप्रबंधक ने मजदूरों की मांगों को जायज मानते हुए उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने का लिखित आश्वासन दिया। इसके बाद किसान सभा के नेतृत्व में चल रहा आंदोलन समाप्त किया गया।
आंदोलन को कोयला श्रमिक संघ सीटू ने भी समर्थन दिया। सीटू के प्रदेश अध्यक्ष वीएम मनोहर ने कहा कि ठेका श्रमिकों को पहचान पत्र, पेमेंट स्लिप, पीएफ की जानकारी और सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराना उनका अधिकार है। ठेकेदार या एसईसीएल प्रबंधन मजदूरों को उनके अधिकारों से वंचित नहीं कर सकता। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आगे और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ किसान सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रशांत झा ने आरोप लगाया कि कोयला खदानों में ठेका मजदूरों को कम मजदूरी देकर उनका शोषण किया जा रहा है। मजदूरों को पेमेंट स्लिप नहीं दिए जाने के कारण उन्हें यह तक पता नहीं चल पाता कि उन्हें निर्धारित मजदूरी मिल रही है या नहीं और कितने दिनों का वेतन दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मजदूर कई बार प्रबंधन से शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। इससे प्रबंधन और ठेका कंपनियों के बीच मिलीभगत की आशंका भी जाहिर होती है।
किसान सभा के जिला सचिव दीपक साहू और दामोदर श्याम ने कहा कि ठेका श्रमिकों का शोषण पूरे एसईसीएल में हो रहा है। रानी अटारी खदान से इस आंदोलन की शुरुआत की गई है। अब कोरबा जिले की अन्य खदानों में भी ठेका मजदूरों के अधिकारों के लिए आवाज बुलंद की जाएगी।
आंदोलन कर रहे ठेका श्रमिकों ने पहचान पत्र और पेमेंट स्लिप जारी करने, समय पर मजदूरी का भुगतान करने, पीएफ की पूरी जानकारी उपलब्ध कराने, एचपीसी दर के अनुसार वेतन देने, गमबूट और सुरक्षा हेलमेट जैसे उपकरण उपलब्ध कराने तथा सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
किसान सभा और सीटू के नेताओं ने स्पष्ट किया कि प्रबंधन की ओर से लिखित आश्वासन दिए जाने के बाद आंदोलन समाप्त किया गया है। यदि इसके बावजूद मजदूरों को उनके अधिकार नहीं मिले और अनियमितताएं जारी रहीं, तो एसईसीएल की अन्य खदानों में भी आंदोलन तेज किया जाएगा।
इस आंदोलन में किसान सभा और सीटू के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ठेका श्रमिक शामिल हुए।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी