जांजगीर-चांपा में अवैध महुआ शराब पर पुलिस की कार्रवाई, 50-60 पॉलिथीन और चार ड्रम महुआ लहान मौके पर किया नष्ट

 


जांजगीर-चांपा, 15 नवंबर (हि. स.)। जिले में अवैध कच्ची महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में रविवार को शिवरीनारायण पुलिस ने ग्राम देवरी के सबरिया डेरा में नदी किनारे और जंगल में छापेमार कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में महुआ लहान बरामद कर मौके पर ही नष्ट किया। हालांकि, कार्रवाई के दौरान शराब बनाने वाले लोग मौके पर नहीं मिले।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलैंडन यार्क और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस तोमेश वर्मा के मार्गदर्शन में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है।

इसी क्रम में 14 और 15 नवंबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शिवरीनारायण पुलिस ने ग्राम देवरी के सबरिया डेरा में लगातार रेड कार्रवाई की। इस दौरान नदी किनारे और जंगल में शराब बनाने के लिए छिपाकर रखे गए 50 से 60 पॉलिथीन तथा चार बड़े प्लास्टिक ड्रम में भरा महुआ लहान बरामद किया गया। इसके साथ ही शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तन भी मिले।

पुलिस ने करीब 50 हजार रुपये कीमत की सामग्री को मौके पर ही नष्ट कर दिया। कार्रवाई के दौरान अवैध शराब निर्माण में संलिप्त व्यक्ति नहीं मिले। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

इस कार्रवाई में शिवरीनारायण थाना प्रभारी उप निरीक्षक केपी सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, सहायक उप निरीक्षक महादेव खुंटे, प्रधान आरक्षक नफीस हुसैन, आरक्षक पतिराम यादव, मुकेश साहू, प्रवीण साहू, टुकेश्वर डडसेना, रामकुमार कश्यप सहित थाना स्टाफ का योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT