जांजगीर-चांपा में अवैध पटाखों के भंडारण पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 4.50 लाख के 160 किलो पटाखे जब्त

 


जांजगीर-चांपा, 22 अक्टूबर (हि. स.)। दीपावली पर्व को देखते हुए जांजगीर-चांपा पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में आज सिटी कोतवाली पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित पटाखे जब्त किए हैं। पुलिस ने एक व्यक्ति के कब्जे से 160 किलोग्राम पटाखे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 4 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में दीपावली के मद्देनजर जुआ, सट्टा और अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस को जांजगीर क्षेत्र में अवैध रूप से पटाखों का भंडारण किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर बड़ी मात्रा में पटाखे बरामद किए।

पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के दौरान वार्ड क्रमांक 20, जांजगीर निवासी राहुल महंत के कब्जे से एक क्विंटल 60 किलोग्राम पटाखे जब्त किए गए। जब्त पटाखों की कुल अनुमानित कीमत 4.50 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने इस मामले में थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 866/2026 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 288 और विस्फोटक अधिनियम, 1884 की धारा 9(ख)(1)(ख) के तहत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उप निरीक्षक दिलीप सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, मुकेश पाण्डेय, प्रधान आरक्षक प्रकाश चंद राठौर, भीम श्रीवास सहित कोतवाली पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

जांजगीर-चांपा पुलिस ने दीपावली पर्व के दौरान नागरिकों और पटाखा कारोबारियों से निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि बिना वैध अनुमति के विस्फोटक सामग्री का भंडारण और बिक्री करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सुरक्षित तरीके से दीपावली मनाने और पटाखों की खरीद-बिक्री में सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील भी की है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT