जांजगीर-चांपा: महानदी घाट करही में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, पांच वाहन जब्त
जांजगीर-चांपा, 05 अप्रैल (हि. स.)। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला प्रशासन सक्ती और थाना बिर्रा पुलिस की संयुक्त टीम ने महानदी के करही घाट में छापेमारी कर रेत माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 5 वाहनों को जब्त किया है।
बिर्रा थाना से रविवार काे मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम करही (तहसील हसौद, जिला सक्ती) स्थित महानदी घाट में बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और भंडारण किया जा रहा था। यहां से लगातार सीमावर्ती क्षेत्रों सक्ती और जांजगीर-चांपा में अवैध रूप से रेत का परिवहन किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में गठित अंतरजिला टीम ने बीती देर रात करही घाट पर दबिश दी। मौके पर अवैध रेत भंडारण और परिवहन में संलिप्त 5 वाहनों को पकड़ा गया और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
इस संयुक्त कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सक्ती कावेरी मरकाम, तहसीलदार हसौद गरिमा मनहर अनंत सहित राजस्व विभाग की टीम और थाना बिर्रा प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT