जांजगीर-चांपा में रेत माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 4 वाहन जब्त

 


जांजगीर-चांपा, 08 अप्रैल (हि. स.)। जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए रेत माफियाओं पर शिकंजा कस दिया है। थाना चांपा, बिर्रा और बम्हनीडीह क्षेत्र के नदी घाटों में लंबे समय से अवैध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी, जिस पर सख्त कार्रवाई की गई।

मिली जानकारी के अनुसार हाथनेवरा घाट और पिपरदा घाट में नदी से बड़े पैमाने पर अवैध रेत उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था। इस पर जिला प्रशासन और चांपा पुलिस की संयुक्त टीम ने आज तड़के छापेमार कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान रेत माफियाओं के कब्जे से 3 हाइवा और 1 ट्रैक्टर वाहन जब्त किए गए।

छापेमारी के दौरान पिपरदा और हाथनेवरा घाट में कुछ हाइवा वाहन बिना चालक के खड़े मिले, जिनके खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का मानना है कि कार्रवाई की भनक लगते ही चालक मौके से फरार हो गए।

पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई लगातार जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

प्रशासन की इस कार्रवाई से रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने इस कदम का स्वागत किया है। पुलिस ने संकेत दिए हैं कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT