कोरबा: खनिज विभाग की बड़ी कार्रवाई, रेत-गिट्टी और ईंट से लदे 10 वाहन जब्त

 


कोरबा, 14 अक्टूबर (हि. स.)। जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर कुणाल दुदावत के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग की उड़नदस्ता टीम ने अलग-अलग क्षेत्रों में जांच कर अवैध खनिज परिवहन में संलिप्त कुल 10 वाहनों को जब्त किया है। इसके अलावा कोटमर्रा में रेत का अवैध भंडारण पाए जाने पर उसे भी जब्त किया गया है। विभाग की इस कार्रवाई से अवैध खनिज कारोबार में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है।

खनिज विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, आज बुधवार को जिले के पाली, हरदीबाजार, दीपका और उरगा क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान पाली क्षेत्र में रेत और ईंट का अवैध परिवहन करते 4 ट्रैक्टर पकड़े गए। वहीं हरदीबाजार क्षेत्र में रेत और ईंट का परिवहन करते 3 ट्रैक्टर तथा गिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 हाइवा जब्त किया गया।

इसी तरह दीपका क्षेत्र में गिट्टी का अवैध परिवहन करते 1 ट्रेलर और उरगा क्षेत्र में रेत का परिवहन करते 1 ट्रैक्टर पर कार्रवाई की गई। इस प्रकार खनिज विभाग ने कुल 10 वाहनों को जब्त किया है। जब्त वाहनों को हरदीबाजार, दीपका और पाली थानों के साथ ही हरदीबाजार खनिज जांच चौकी की अभिरक्षा में रखा गया है। सभी प्रकरणों में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग की टीम ने कोटमर्रा क्षेत्र में जांच के दौरान रेत का अवैध भंडारण भी पकड़ा। नियमों के विरुद्ध भंडारित रेत को जब्त कर संबंधित प्रकरण में कार्रवाई शुरू की गई है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से लगातार निगरानी की जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के साथ ही अवैध खनिज कारोबार से शासन को होने वाली राजस्व हानि को रोकना है।

खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि, नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खान एवं खनिज अधिनियम, छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम तथा अन्य संबंधित वैधानिक प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिले में अवैध खनिज गतिविधियों के खिलाफ जांच और कार्रवाई का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी