मुख्य राइजिंग पाइप फूटी, कई वार्डों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित
धमतरी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। फोरलेन सड़क निर्माण के लिए सिहावा चौक से नहर नाका रोड तक चल रही खुदाई के दौरान मुख्य राइजिंग पाइपलाइन दो जगह क्षतिग्रस्त हो गई। इससे जालमपुर, बठेना और नवागांव की तीन ओवरहेड टंकियों में पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है। इन टंकियों से जुड़े कई वार्डों में पेयजल संकट की स्थिति बनी है। निगम ने टैंकर से वैकल्पिक व्यवस्था शुरू की है।
नगर निगम धमतरी के 40 वार्डों में 12 ओवरहेड टंकियों के माध्यम से घर-घर पेयजल की आपूर्ति की जाती है। वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से मुख्य पाइपलाइन के जरिए इन टंकियों में पानी पहुंचता है। इसके बाद टंकियों से पाइपलाइन के माध्यम से संबंधित वार्डों के घरों तक पानी पहुंचाया जाता है। ऐसे में मुख्य राइजिंग पाइपलाइन में लीकेज होने से इसका असर कई वार्डों की जलापूर्ति पर पड़ा है।
सिहावा चौक से नहर नाका चौक तक फोरलेन सड़क निर्माण के लिए चौड़ीकरण और नाली निर्माण का काम चल रहा है। इसी दौरान जेसीबी से खुदाई करते समय मुख्य राइजिंग पाइपलाइन दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई। इससे जालमपुर की ओवरहेड टंकी में पानी नहीं पहुंच पा रहा है। इसी लाइन से बठेना की टंकी में भी पानी जाता है। इसके चलते जालमपुर, बठेना, अधारी नवागांव, औद्योगिक वार्ड और सरदार वल्लभभाई पटेल सहित अन्य वार्डों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है।
नगरी-सिहावा मुख्य मार्ग के दानीटोला वार्ड में दिनेश मेडिकल स्टोर और जायसवाल निवास के पास मुख्य राइजिंग पाइपलाइन फूटने से पानी खेतों की ओर बह रहा है। किसान प्रहलाद साहू ने बताया कि करीब एक एकड़ में फसल पककर तैयार है। पाइपलाइन से पानी बहने के कारण खेत में पानी भरने की आशंका है। उन्होंने निगम पहुंचकर शिकायत की है। किसान चंद्रशेखर ने भी खेत में पानी घुसने की आशंका जताई है।
सोरिद-बागतराई मार्ग की पुलिया में बच्चों के फंसने के बाद पुलिया के साथ सोरिद पानी टंकी से जाने वाली पाइपलाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई थी। सप्ताहभर बाद भी पाइपलाइन नहीं जोड़ी जा सकी है। इससे सोरिद, जोधापुर, डाकबंगला और टिकरापारा वार्ड में पानी की किल्लत बनी हुई है। वार्डवासियों को पेयजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। टूटी पाइपलाइन से दूषित पानी आने की शिकायत को लेकर भी लोगों में चिंता है। इस संबंध में जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि सोरिद वार्ड में पाइपलाइन लीकेज सुधारने निगम की टीम जुटी है। शाम तक सुधार होने की संभावना है।
सिहावा चौक से नहर नाका चौक तक फोरलेन निर्माण के दौरान जेसीबी से खुदाई में मुख्य राइजिंग पाइपलाइन फूटने की जानकारी मिली है। टीम भेजकर व्यवस्था सुधारी जाएगी। संबंधित विभाग को नोटिस भेजा जाएगा। प्रभावित वार्डों में निगम के पानी टैंकर भेजकर वैकल्पिक व्यवस्था की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा