महतारी वंदन योजना की राशि से शुरू किया सिलाई का काम, अश्वनी मरकाम ने संवारी घर की आर्थिक स्थिति
कोरबा, 08 अक्टूबर (हि. स.)। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता महिलाओं के लिए आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम बन रही है। कोरबा जिले के पाली विकासखंड के ग्राम तिवरता की रहने वाली अश्वनी मरकाम ने योजना के तहत हर माह मिलने वाली एक हजार रुपये की राशि का उपयोग सिलाई का काम शुरू करने में किया। घर से ही पीकू-फॉल और अन्य सिलाई कार्य कर अब वह नियमित आमदनी अर्जित कर रही हैं और परिवार की आर्थिक जरूरतों में अपना योगदान दे रही हैं।
अश्वनी मरकाम के अनुसार, योजना का लाभ मिलने से पहले घर की रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने के लिए उपलब्ध आय पर ही निर्भर रहना पड़ता था। उनके पास सिलाई का हुनर था और वह इस हुनर के जरिए अतिरिक्त आमदनी करना चाहती थीं, लेकिन काम शुरू करने के लिए जरूरी साधन जुटाना आसान नहीं था। महतारी वंदन योजना से मिलने वाली मासिक आर्थिक सहायता ने उन्हें सिलाई का काम शुरू करने का आधार दिया।
उन्होंने योजना से प्राप्त राशि का उपयोग सिलाई से जुड़े काम को आगे बढ़ाने में किया और घर से ही पीकू-फॉल सिलाई सहित अन्य छोटे सिलाई कार्य लेना शुरू किया। धीरे-धीरे उनके काम से आमदनी होने लगी। घर से काम करने की सुविधा होने के कारण वह घरेलू जिम्मेदारियों के साथ सिलाई का काम भी कर पा रही हैं।
अश्वनी बताती हैं कि सिलाई से होने वाली आमदनी का उपयोग वह घर की आवश्यकताओं और रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुएं खरीदने में करती हैं। इससे घरेलू खर्चों को संभालने में मदद मिल रही है। साथ ही वह अपनी कमाई में से कुछ राशि भविष्य की जरूरतों के लिए बचत भी कर पा रही हैं।
अश्वनी मरकाम का कहना है कि आर्थिक सहायता मिलने से उन्हें अपने हुनर को रोजगार के रूप में विकसित करने का अवसर मिला। अब वह परिवार की जरूरतों में आर्थिक योगदान देने के साथ अपनी आमदनी का साधन भी बना पाई हैं। घर से काम करते हुए कमाई करने से उनके आत्मविश्वास में भी बढ़ोतरी हुई है।
अश्वनी मरकाम ने महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिली सहायता के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया। उनका कहना है कि नियमित आर्थिक सहयोग ने उन्हें अपने हुनर को काम में बदलने और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी