महतारी वंदन योजना से राधिका के सपनों को मिल रहा सहारा, परिवार की जरूरतें हो रहीं पूरी
कोरबा, 3 सितंबर (हि. स.)। कोरबा शहर के पोड़ीबहार निवासी राधिका महंत के लिए महतारी वंदन योजना परिवार की जरूरतों को पूरा करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का मजबूत आधार बन गई है। योजना के तहत मिलने वाली 1,000 रुपये की मासिक राशि की 31वीं किश्त भी उनके बैंक खाते में पहुंच चुकी है।
राधिका इस राशि का उपयोग बच्चे की पढ़ाई, पोषण और घर की आवश्यक वस्तुओं की खरीदी में कर रही हैं। उनका कहना है कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से परिवार के बजट पर अतिरिक्त दबाव कम हुआ है और जरूरी खर्च समय पर पूरे हो जाते हैं।
उन्होंने बताया कि योजना की सबसे बड़ी विशेषता राशि का नियमित रूप से खाते में आना है। इससे उन्हें अपनी जरूरतों के अनुसार खर्च का निर्णय लेने और राशि का बेहतर प्रबंधन करने का अवसर मिला है। आर्थिक सहयोग से उनका आत्मविश्वास भी बढ़ा है और छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भरता कम हुई है।
राधिका ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में महिलाओं के हित में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए महतारी वंदन योजना को महिलाओं के लिए उपयोगी पहल बताया।
उन्होंने कहा कि योजना से मिलने वाली राशि से बच्चे की पढ़ाई, पोषण और घरेलू जरूरतों को पूरा करने में काफी मदद मिल रही है।
महतारी वंदन योजना के माध्यम से मिलने वाला नियमित आर्थिक संबल महिलाओं को परिवार की जरूरतों में सहभागी बनने के साथ अपने खर्चों के लिए अधिक सक्षम बना रहा है। राधिका की कहानी आर्थिक सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में योजना के सकारात्मक प्रभाव का उदाहरण है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी