कुंरदी एवं आसना में स्वीकृत महतारी सदन महिला सशक्तिकरण का केंद्र बनेगा : किरण देव
जगदलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव के प्रयास से जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कुंरदी एवं आसना में महतारी सदन निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की गई है। ग्राम कुंरदी में 30 लाख एवं आसना में 30 लाख की लागत से महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा। किरण देव ने कहा कि महतारी सदन महिला सशक्तिकरण का केंद्र बनेगा। उन्हाेने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली सुशासन की सरकार में हमारे मातृशक्ति को विशेष सम्मान मिला है। और अब हर गांव में विकास की नई पहचान बनेगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक किरण देव ने कहा हमारी सरकार का संकल्प है कि विकास का लाभ समाज के हर वर्ग और हर गांव तक पहुंचे। उन्होंने महतारी सदन के निमार्ण को राज्य सरकार की सोच का प्रतीक बताया। जहां महिलाएं स्व-सहायता समूहों के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करेगी, उधमिता को बढ़ावा मिलेगा और सामाजिक जागरूकता कार्यक्रम का संचालन होगा। किरण देव ने कहा कि महतारी सदन केवल एक भवन नहीं है, बल्कि यह महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक और नेतृत्व सशक्तिकरण का केंद्र बनेगा। क्षेत्र की मातृशक्ति की बहुप्रतीक्षित मांग रही है जिसके तहत जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम आसना एवं कुंरदी में महतारी सदन निर्माण की स्वीकृति प्राप्त हुयी है। क्षेत्र में जल्द ही महतारी सदन का निर्माण किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे