महिला कांग्रेस की नई रणनीति, बूथ तक बढ़ेगी महिलाओं की भागीदारी
धमतरी, 09 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की नवनियुक्त कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा के नौ जून को धमतरी आगमन पर कांग्रेस भवन में महिला पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के पुनर्गठन, नई कार्यकारिणी के गठन, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तथा बूथ स्तर तक महिला भागीदारी को मजबूत बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
धमतरी पहुंचने पर महिला कांग्रेस की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगीता सिन्हा का आतिशबाजी और पुष्पहारों के साथ भव्य स्वागत किया। बैठक को संबोधित करते हुए संगीता सिन्हा ने कहा कि महिला कांग्रेस संगठन की सबसे मजबूत कड़ी है और जमीनी स्तर पर महिलाओं को जोड़कर संगठन को नई ऊर्जा प्रदान की जाएगी। उन्होंने कहा कि ब्लाक और बूथ स्तर पर महिला कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जल्द ही मजबूत एवं सक्रिय नई कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा। राज्य स्तर से लेकर बूथ स्तर तक की पुरानी कार्यकारिणी को भंग किए जाने के बाद संगठन को नए सिरे से खड़ा करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। महिला कांग्रेस का लक्ष्य हर गांव, वार्ड और बूथ तक अपनी पहुंच बढ़ाना है, ताकि महिलाओं की आवाज को प्रभावी मंच मिल सके।
बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, विधायक ओंकार साहू, अंबिका मरकाम, गुरमुख सिंह होरा, लक्ष्मी ध्रुव, लेखराम साहू, मोहन लालवानी, विपिन साहू, कविता बाबर, नीलम चंद्राकर, सलीम रोकडिया, आलोक जाधव, सुनीता साहू, विक्रांत शर्मा, कृष्णा मरकाम, गौतम वाधवानी, खिलेंद्र ध्रुव, मदन मोहन खंडेलवाल, विजय प्रकाश जैन, चंद्रकला नेताम, सूर्यप्रभा चेटियार, घामेश्वरी साहू, अंबिका सिन्हा, शास्त्री सोनवानी, लकेश्वर साहू, प्रमोद सिन्हा, मनोज साक्षी, मोहन ध्रुव सहित बड़ी संख्या में महिला नेत्री, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
संगीता सिन्हा ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और दैनिक उपयोग की वस्तुओं के बढ़ते दामों ने आम परिवारों की आर्थिक स्थिति को प्रभावित किया है। महिलाओं पर इसका सबसे अधिक असर पड़ रहा है। महिला कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों एवं कार्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर पहुंचकर महिलाओं की समस्याओं को समझें और उन्हें संगठन से जोड़ने का अभियान चलाएं।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा