महावीर जन्मोत्सव पर शहर में निकली गई बरघोड़ा शोभायात्रा, जैन समाज में उत्साह
शोभायात्रा में दिया गया जियो और जीने दो का संदेश
धमतरी, 31 मार्च (हि.स.)। श्री तीर्थकर भगवान महावीर स्वामी का 2625 वां जन्म कल्याणक उत्साह व उमंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर समाज की ओर से आकर्षक बरघोड़ा शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में भगवान महावीर से संबंधित आकर्षक झांकी शामिल थी। शोभायात्रा में शामिल समाजजनों का उत्साह देखते ही बना। रास्ते भर जय महावीर, जय महावीर का जयघोष गूंजता रहा।
सकल जैन श्री संघ द्वारा भगवान महावीर जयंती पर इतवारी बाजार स्थित पार्श्वनाथ जिनालय से सुबह शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा सदरबाजार, मठमंदिर, गोलबाजार, सिहावा चौक से वापस जैन मंदिर लौटी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाजजन शामिल हुए। शोभायात्रा के दौरान समाज के युवाओं व महिलाओं ने आकर्षक भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी जो कि आकर्षण का केन्द्र रहा। शोभायात्रा के दौरान भगवान महावीर स्वामी के जयकारे लगते रहे व जियो एवं जीने दो एवं अंहिसा परमो धर्मा का संदेश दिया गया। शोभायात्रा का कई स्थानों पर स्वागत किया गया। शोभायात्रा के पूर्व सुबह छह बजे प्रभात फेरी श्री पाश्र्वनाथ जिनालय से नया स्थानक भवन तक निकाली गई। सुबह सात बजे श्री दिगंबर जैन मंदिर अठवानी गली में भगवान महावीर स्वामी का 108 रजत कलश से महामस्ताभिषेक हुआ। सुबह सात बजे से महावीर घट कल्याणक पूजा, 9.30 बजे पालकी यात्रा श्री दिगंबर जैन मंदिर से श्री पाश्र्वनाथ जिनालय, श्री पाश्र्वनाथ जिनालय से श्री दिगंबर जैन मंदिर तक निकाली गई। जिसके पश्चात श्री धनकेशरी मंगलभवन आमापारा में स्वामी वात्सल्य हुआ। दोपहर 2.30 बजे जमनालाल दुग्गड़ स्थानक भवन सदर बाजार में महावीर प्रश्नोत्तरी हुआ। दोपहर साढ़े तीन बजे श्री दिगंबर जैन मंदिर अठवानी गली में नवकार जाप हुआ। इसके बाद जिला अस्पताल व वृद्धा आश्रम रूद्री में फल वितरण हुआ। शाम को श्री दिगंबर जैन मंदिर अठवानी गली में 108 दीपक महाआरती हुई। रात आठ बजे घडी चौक धमतरी में जैन धर्म की गौरव गाथा व झांकी प्रदर्शन हुआ।
महावीर प्रसादी का हुआ वितरण:
भगवान महावीर के जयंती के पावन अवसर पर संकल जैन श्री संघ द्वारा घड़ी चौक के पास दोपहर 12.30 बजे से महावीर प्रसादी का वितरण प्रारंभ हुआ। बड़ी संख्या में लोगो ने महावीर प्रसादी ग्रहण किया।
शोभायात्रा का जगह-जगह हुआ स्वागत, अभिनंदन:
भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक महोत्सव पर जैन समाज द्वारा निकाली गई बरघोड़ा शोभायात्रा का जगह-जगह स्वागत, अभिनंदन हुआ। शोभायात्रा का महापौर रामू रोहरा ने स्वागत किया। इस दौरान उनके साथ महेन्द्र खण्डेलवाल, महावीर चोपड़ा, मेघराज ठाकुर, विजय साहू, चन्द्रकला पटेल, पिंटु डागा, राकेश चंदवानी, संजय देवांगन, गोल्डी बरडिय़ा भी मौजूद रहे। इसी तरह से भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व पूर्व विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू ने गुरुजनों का आशीर्वाद लिया इस दौरान नम्रता पवार, नीरज नाहर आदि उपस्थित रहे।
महावीर जयंती पर शोभायात्रा का कांग्रेस ने किया भव्य स्वागत:
मठ मंदिर चौक के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। ब्लॉक कांग्रेस शहर अध्यक्ष योगेश शर्मा और गौतम वाधवानी के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में जैन समाज के श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया गया।इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि भगवान महावीर स्वामी के सत्य, अहिंसा, करुणा और अपरिग्रह के सिद्धांत आज भी समाज को दिशा देने वाले हैं। कार्यक्रम में आनंद पवार, अरविंद दोषी, कविता बाबर, दाऊ कृष्ण कुमार गुप्ता, कीर्ति शाह, राकेश दीवान, विक्रांत पवार, दीपक सोनकर, विशु देवांगन, आशुतोष खरे, देवेंद्र देवांगन, अविनाश वाल्मीकि, नवीन गजेंद्र, अभिषेक ठाकुर, रामनाथ यादव, यशवंत पटेल, मोहन ध्रुव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा