महतारी वंदन योजना से बदली सरिता साहू की जिंदगी, सिलाई कार्य से बनी आत्मनिर्भर महिला
जांजगीर-चांपा, 31 जुलाई (हि . स.)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण का माध्यम बन रही है। योजना से मिलने वाली आर्थिक सहायता का उपयोग कर जिले की कई महिलाएं स्वरोजगार से जुड़कर आत्मनिर्भर बन रही हैं। जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम सरहर की रहने वाली सरिता साहू भी ऐसी ही प्रेरणादायक कहानी पेश कर रही हैं।
बम्हनीडीह विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत सरहर निवासी सरिता साहू का परिवार पहले सीमित आय के कारण आर्थिक परेशानियों से जूझ रहा था। घर की जरूरतों और बच्चों की पढ़ाई का खर्च पूरा करना उनके लिए चुनौती थी। महतारी वंदन योजना के तहत मिलने वाली प्रतिमाह 1000 रुपये की सहायता राशि को उन्होंने बचाकर सिलाई कार्य शुरू करने में उपयोग किया।
सरिता ने सिलाई सामग्री खरीद और अपने हुनर को स्वरोजगार का जरिया बनाया। उन्होंने घर से ही महिलाओं और बच्चों के कपड़े सिलने का काम शुरू किया। आज वह सिलाई कार्य के माध्यम से परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियों को संभाल रही हैं और बच्चों की शिक्षा सहित घरेलू जरूरतों को बेहतर तरीके से पूरा कर पा रही हैं।
सरिता साहू अब आसपास की महिलाओं को भी सिलाई का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उनका कहना है कि महतारी वंदन योजना ने उन्हें आर्थिक मजबूती के साथ आत्मविश्वास भी दिया है।उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और छत्तीसगढ़ शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक जीवन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हो रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT