महानदी में बढ़ा जलस्तर, कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण में राहत-बचाव तैयारियों का लिया जायजा

 






जांजगीर-चांपा, 27 सितम्बर (हि. स.)। महानदी के जलस्तर में बढ़ोतरी और तटीय क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर है। रविवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय ने शिवरीनारायण क्षेत्र का दौरा कर महानदी के बैराज, पुल और तटीय इलाकों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने नदी के जलस्तर, बहाव, सुरक्षा व्यवस्था और राहत एवं बचाव की तैयारियों का जायजा लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

कलेक्टर-एसपी ने शिवरीनारायण बैराज और महानदी पुल के साथ आसपास के तटीय क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके अलावा श्री महंत लालदास महाविद्यालय में बनाए गए राहत शिविर की व्यवस्थाओं को भी देखा। प्रभावित लोगों के ठहरने के लिए बनाए गए शिविर में भोजन, पेयजल, प्रकाश, स्वच्छता, शौचालय सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। प्रशासन ने प्रभावित नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी के निर्देश दिए हैं।

महानदी में पानी का बहाव बढ़ने के कारण सुरक्षा की दृष्टि से पुल से आवागमन बंद कर दिया गया है। कलेक्टर-एसपी ने अधिकारियों को पुल और आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा लोगों को तेज बहाव वाले पानी के नजदीक जाने से रोकने के निर्देश दिए। जलस्तर और बहाव की स्थिति को देखते हुए अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है।

जलभराव से प्रभावित क्षेत्रों में स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी सक्रिय हैं। स्वास्थ्यकर्मी लोगों की नियमित जांच कर रहे हैं और आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है। जलभराव के कारण संभावित बीमारियों और संक्रमण को देखते हुए स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी जरूरी उपाय किए जा रहे हैं।

कलेक्टर महोबे और एसपी पांडेय ने राजस्व, पुलिस, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। तटीय और जलभराव की आशंका वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने के साथ जरूरत पड़ने पर प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए मानव संसाधन और आवश्यक संसाधन तैयार रखने को कहा गया है। पूर्व में जलभराव वाले आबादी क्षेत्रों में मुनादी कराकर लोगों को संभावित खतरे और सुरक्षा उपायों की जानकारी देने के निर्देश भी दिए गए।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे नदी, पुल, घाट और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं। तेज बहाव के बीच सेल्फी या वीडियो बनाने का जोखिम न उठाएं और प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों से बंद किए गए मार्गों या स्थानों पर जाने का प्रयास न करें। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की गई है।

जिला प्रशासन महानदी के तटीय क्षेत्रों में जलस्तर और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस, राजस्व, नगर सेना, जल संसाधन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी राहत एवं बचाव कार्य के लिए मुस्तैद हैं। निरीक्षण के दौरान नगरपालिका शिवरीनारायण अध्यक्ष राहुल थवाईत, एसडीएम जांजगीर सुब्रत प्रधान, एसडीएम शिवरीनारायण भावना साहू, कार्यपालन अभियंता शशांक सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT