इंद्रावती नदी के पुनर्जीवन-संरक्षण के लिए महादेव बैराज का होगा निर्माण - शरद अवस्थी

 


जगदलपुर, 13 अक्टूबर (हि.स.)। इंद्रावती बेसिन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष शरद अवस्थी के नगर पालिका निगम जगदलपुर में प्रथम आगमन पर स्वागत किया गया। इस अवसर पर महापौर संजय पाण्डेय, निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य, पार्षदगण एवं एल्डरमैन उपस्थित रहे। इस अवसर पर शरद अवस्थी ने नगर निगम के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि नगर निगम के जनप्रतिनिधि शहर के विकास के प्रति प्रतिबद्ध हैं और पार्षदों के साथ मिलकर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं।

शरद अवस्थी ने इंद्रावती नदी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन को प्राथमिकता बताते हुए कहा कि इसके लिए सरकार, प्रशासन और स्थानीय समुदायों के समन्वय से प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने महादेव बैराज का निर्माण जल्द कराए जाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि इंद्रावती नदी बस्तर की जीवन रेखा है और इसके संरक्षण के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करना आवश्यक है।

महापौर संजय पाण्डेय ने शरद अवस्थी के नगर निगम आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनका अनुभव और मार्गदर्शन सभी जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने विश्वास जताया कि शरद अवस्थी के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से शहर के विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी तथा जनप्रतिनिधि जनहित के कार्यों को और बेहतर ढंग से आगे बढ़ा सकेंगे।

निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वहीं योगेंद्र पाण्डेय, आर्यन सिंह आर्य एवं सुरेश गुप्ता ने शरद अवस्थी के साथ कार्य करने के दौरान के अपने अनुभव साझा किए और उनसे जुड़ी पुरानी स्मृतियों को याद किया। कार्यक्रम का संचालन राजस्व सभापति संग्राम सिंह राणा ने किया, जबकि लक्ष्मण झा ने आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर निर्मल पाणिग्रही, त्रिवेणी रंधारी, संजय विश्वकर्मा, प्रकाश झा, उमा मिश्रा, हरीश पारख, पारुल बोथरा, आशा साहू, खगेंद्र सिंह ठाकुर, श्याम सुंदर बघेल, संतोष गौर, बसंती समरथ, उर्मिला यादव, रोशन सिसोदिया, गिरजा गुप्ता, गायत्री बघेल, पूनम सिन्हा, यशवर्धन राव, शशिनाथ पाठक, राजेश श्रीवास्तव, अतुल कौशल, संतोष त्रिपाठी, आशुतोष पॉल, रोहित त्रिवेदी, रितेश सिन्हा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे