मड़वा विद्युत संयंत्र में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता शुरू
जांजगीर-चांपा, 29 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का शुभारंभ बुधवार को अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीटीवीएस) मड़वा के जूनियर क्लब में हुआ। प्रतियोगिता की मेजबानी इस बार मड़वा विद्युत संयंत्र द्वारा की जा रही है। शुभारंभ अवसर पर मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े ने प्रतियोगिता का उद्घाटन अपने प्रतिद्वंदी खिलाड़ी अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा को गेंद की सर्विस देकर किया।
मुख्य अभियंता श्री जांगड़े ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि सभी खिलाड़ी खेल भावना के साथ मैदान में उतरें और प्रतियोगिता का भरपूर आनंद लें। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक क्षमता को बढ़ाते हैं, बल्कि आपसी सहयोग और अनुशासन की भावना को भी मजबूत करते हैं।
इस अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज की कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इनमें रायपुर सेंट्रल, रायपुर रीजन, अंबिकापुर रीजन, बिलासपुर रीजन, एचटीपीएस कोरबा पश्चिम, डीएसपीएम कोरबा पूर्व, एबीटीवीएस मड़वा और दुर्ग रीजन की टीमें शामिल हैं।
प्रतियोगिता के पहले दिन टीमों को दो पुलों में बांटकर मुकाबले कराए गए। दोनों पुलों में चार-चार टीमों ने हिस्सा लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद एचटीपीएस कोरबा पश्चिम, रायपुर सेंट्रल, दुर्ग रीजन और बिलासपुर रीजन की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है।
प्रतियोगिता में पुरुष वर्ग के मुकाबलों के साथ ही महिला वर्ग के सिंगल मुकाबले भी जारी हैं। खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
पिछले वर्ष अंतरक्षेत्रीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता का आयोजन एचटीपीएस कोरबा पश्चिम में किया गया था। इस बार आयोजन की जिम्मेदारी अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह, मड़वा को सौंपी गई है।
शुभारंभ समारोह में विद्युत गृह के अतिरिक्त मुख्य अभियंता आरएल ध्रुव, एन. लकरा, आरके नायक, वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ अभय मिश्रा, अधीक्षण अभियंता क्रिस्टोफर एक्का, धर्मेंद्र बंजारे सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT