मदन नगर खदान प्रभावितों की समस्याएं गांव में सुनेगा प्रशासन, 22 अक्टूबर को लगेगी बैठक

 


बलरामपुर, 16 अक्टूबर (हि.स.)। मदन नगर खुली खदान परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण के लिए प्रशासन गांव में ही बैठक आयोजित करेगा। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने शुक्रवार को ग्राम चौरा में आयोजित प्री-डिस्ट्रिक्ट रिहैबिलिटेशन कमेटी (प्री-डीआरसी) की बैठक में ग्रामीणों से चर्चा कर उनकी मांगों और भूमि अधिग्रहण से जुड़ी परेशानियों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि आगामी 22 अक्टूबर को गांव में ही बैठक कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी और नियमानुसार उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने भूमि सीमांकन, बंटवारा और नामांतरण से जुड़े लंबित मामलों को कलेक्टर के सामने रखा। इस पर उन्होंने राजस्व अधिकारियों को गांव में शिविर लगाकर प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को अपने काम के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें।

बैठक में एसईसीएल के महाप्रबंधक मनीष श्रीवास्तव ने ग्रामीणों को भूमि अधिग्रहण के बदले मिलने वाले मुआवजे और पात्रतानुसार रोजगार के प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने संबंधित प्रक्रियाओं और आवश्यक औपचारिकताओं के बारे में बताते हुए पात्र ग्रामीणों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने कहा कि प्रभावित ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से 22 अक्टूबर को ग्राम स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें ग्रामीण अपनी मांगें और समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकेंगे। प्रशासन की ओर से नियमानुसार संभव मामलों में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम चौरा में आयोजित बैठक में पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर, अपर कलेक्टर आरएस लाल, राजपुर तहसीलदार, ग्राम पंचायत के सरपंच और सचिव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। बैठक में भूमि अधिग्रहण से जुड़े मामलों, मुआवजे, रोजगार और राजस्व संबंधी लंबित प्रकरणों पर चर्चा की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय