मन की बात हमें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दिलाती है : रंजना साहू

 


धमतरी, 29 मार्च (हि.स.)। देश के लोकप्रिय संवाद कार्यक्रम मन की बात का 132वां संस्करण रविवार को प्रसारित हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश-विदेश के नागरिकों से अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक रंजना साहू ने धमतरी के स्वामी विवेकानंद वार्ड में कार्यकर्ताओं एवं नागरिकों के साथ कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण किया।

कार्यक्रम के उपरांत प्रेस नोट जारी करते हुए रंजना साहू ने कहा कि मन की बात केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के कोने-कोने में हो रहे प्रेरणादायक कार्यों, ऐतिहासिक उपलब्धियों और आम नागरिकों की असाधारण कहानियों से जुड़ने का सशक्त माध्यम बन चुका है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के विचार हमें अपनी संस्कृति, परंपरा, नवाचार और जनभागीदारी की ताकत का एहसास कराते हैं। हर बार यह कार्यक्रम सुनकर गर्व होता है कि हम ऐसे महान और प्रगतिशील भारत के नागरिक हैं। यह हमें जोड़ता है, प्रेरित करता है और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प दिलाता है, उन्होंने कहा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का उल्लेख करते हुए बताया कि देश के कोने-कोने में नागरिक इस योजना का लाभ उठा रहे हैं। साथ ही उन्होंने वैश्विक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए ऊर्जा आवश्यकताओं से जुड़े क्षेत्रों में चल रही चुनौतियों पर भी चिंता व्यक्त की और इस विषय पर अनावश्यक राजनीति से बचने की अपील की। पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक पेड़ मां के नाम अभियान की सफलता का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि जब किसी अभियान में जनभागीदारी होती है, तो वह व्यापक सफलता प्राप्त करता है। उन्होंने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए देशवासियों से गर्मी के मौसम में जल बचाने का संकल्प दोहराने का आह्वान किया।

इसके साथ ही उन्होंने युवाओं से फिटनेस और स्वास्थ्य पर ध्यान देने की अपील करते हुए कहा कि जब युवा शक्ति राष्ट्र निर्माण से जुड़ती है, तो देश को नई दिशा और ऊर्जा मिलती है।

इस अवसर पर किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष रोहिताश मिश्रा, ओबीसी मोर्चा प्रदेश सह प्रभारी सोशल मीडिया लक्ष्मण गौतम, पूर्व पार्षद सुशीला तिवारी, विजय रामरख्यानी, देवेश अग्रवाल, उमेश शाह, विशाल रामरख्यानी, वरिष्ठ सदस्य नरेंद्र मिश्रा, विद्याधर दीवान, राजेश त्रिपाठी, नीरज श्रीवास्तव, पूजा रामरख्यानी, प्रोति रामरख्यानी, प्रिया रामरख्यानी, काशवी रामरख्यानी, नील जग्यासी सहित अनेक कार्यकर्ता एवं नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा