तागा में मां चंडी दाई मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा 11 अक्टूबर से, कलश यात्रा के साथ होगा भव्य शुभारंभ
जांजगीर-चांपा, 08 अक्टूबर (हि. स.)। नवरात्रि पर्व के पावन अवसर पर ग्राम पंचायत तागा में नवनिर्मित मां चंडी दाई मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा समारोह का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा का शुभारंभ 11 अक्टूबर से होगा। इस धार्मिक आयोजन को लेकर ग्रामवासियों में उत्साह का माहौल है।
मां चंडी दाई मंदिर का निर्माण पिछले करीब एक वर्ष से चल रहा था, जिसमें डबरहा तिवारी परिवार के साथ-साथ समस्त ग्रामवासियों ने बढ़-चढ़कर योगदान दिया। मंदिर निर्माण और धार्मिक आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्रामीण लगातार जुटे हुए हैं।
आयोजन की शुरुआत 11 अक्टूबर को भव्य कलश यात्रा के साथ होगी। इसके बाद 12 अक्टूबर को जलाधिवास, अन्नाधिवास, पुष्पाधिवास और प्राण प्रतिष्ठा सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। नवरात्रि की नवमी तिथि पर कन्या भोजन, ब्राह्मण भोजन और महाभंडारे का आयोजन किया जाएगा।
डबरहा तिवारी परिवार की ओर से दिनेश तिवारी और प्रशांत तिवारी ने पत्रिका के माध्यम से श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों को इस धार्मिक आयोजन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। आयोजकों ने अधिक से अधिक लोगों से मां चंडी दाई मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा एवं धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT