रायपुर में 12 दिसंबर को लगेगी लोक अदालत, लंबित ई-चालान मामलों का होगा निराकरण

 


आठ दिसंबर तक नौ निर्धारित केंद्रों पर कराना होगा पंजीयन, वाहन चालकों को ट्रैफिक पुलिस की अपील

रायपुर, 20 नवम्बर (हि.स.) । शहर के वाहन चालकों और वाहन स्वामियों को लंबित ई-चालान प्रकरणों के निराकरण के लिए एक और अवसर मिलने जा रहा है। आगामी 12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली लोक अदालत में रायपुर शहर में 23 जनवरी 2025 से 6 फरवरी 2026 के बीच जारी किए गए लंबित ई-चालान मामलों का निराकरण किया जाएगा।

यातायात पुलिस कमिश्नरेट रायपुर के अनुसार, लोक अदालत में अपने लंबित ई-चालान प्रकरणों का निराकरण कराने के इच्छुक वाहन स्वामी 8 दिसंबर तक पंजीयन करा सकते हैं। इसके लिए उन्हें अपने नजदीकी यातायात थाने अथवा यातायात मुख्यालय, कालीबाड़ी पहुंचना होगा।

इन नौ स्थानों पर होगा पंजीयन

यातायात पुलिस ने पंजीयन के लिए नौ केंद्र निर्धारित किए हैं। इनमें यातायात थाना तेलीबांधा, पचपेड़ी नाका, भाठागांव बस स्टैंड, टाटीबंध, भनपुरी, पंडरी पुराना बस स्टैंड, शारदा चौक, कालीबाड़ी तथा यातायात मुख्यालय कालीबाड़ी शामिल हैं।

ऑनलाइन भी देख सकते हैं चालान की स्थिति

वाहन चालक और वाहन स्वामी अपने लंबित ई-चालान की स्थिति घर बैठे भी जांच सकते हैं। इसके लिए परिवहन विभाग के आधिकारिक ई-चालान पोर्टल https://echallan.parivahan.nic.in/challan/challan-services पर जाकर वाहन नंबर अथवा चालान संबंधी विवरण दर्ज करना होगा। इसके बाद लंबित चालान की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

डीसीपी ट्रैफिक डॉ. अर्चना झा ने वाहन चालकों एवं वाहन स्वामियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपने लंबित ई-चालान प्रकरणों का पंजीयन कराकर लोक अदालत के माध्यम से उनका निराकरण कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय पर चालान का भुगतान एवं निराकरण नहीं कराने पर संबंधित वाहन स्वामियों और चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

यातायात पुलिस ने सभी वाहन स्वामियों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना 8 दिसंबर तक पंजीयन कराने और लोक अदालत की इस सुविधा का लाभ उठाने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर