जंगल से भटक कर खेत में पहुंचा शावक तेंदुआ

 




धमतरी, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जंगल से भटक कर एक शावक तेंदुए किसानों के खेतों की ओर आ गया। तेंदुए पर जब किसानों व ग्रामीणों की नजर पड़ी, तो हड़कंप मच गया। देखने के लिए ग्रामीणों व आसपास गांवों के लोगों की भीड़ लग गई। इधर वन विभाग तक खबर पहुंची, तो अधिकारी-कर्मचारियों की टीम गांव पहुंचे। रेस्क्यू कर शावक तेंदुए को पकड़ा और सुरक्षित तरीके से जंगल सफारी नया रायपुर के लिए भेज दिया है।

वनांचल क्षेत्र के नगरी ब्लाक अंतर्गत बिरगुड़ी वन परिक्षेत्र के ग्राम छिपलीपारा में गुरुवार को करीब पांच से छह माह उम्र के एक तेंदुए को ग्रामीण व किसानों ने खेतों की ओर देखा। तेंदुए आने की खबर से गांव व आसपास गांवों के लोग इसे देखने के लिए पहुंच गए। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी वन विभाग तक पहुंचाई, तो वन विभाग की टीम ने लोगों से दूरी बनाए रखने की अपील करते हुए सावधानी पूर्वक शावक को कब्जे में लिया। पशु चिकित्सालय नगरी ले जाकर उसका प्रारंभिक परीक्षण कराया। जांच में उसकी हालत सामान्य पाई गई, हालांकि वह पानी में भीगा हुआ था, जिससे उसके नाले या जलस्रोत से भटकने की आशंका जताई जा रही है।

वन परिक्षेत्र अधिकारी सुरेंद्र कुमार अजय ने बताया कि शावक पूरी तरह स्वस्थ है और फिलहाल जंगल सफारी, नया रायपुर में विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है, जहां आगे उसके पुनर्वास को लेकर निर्णय लिया जाएगा। यह शावक श्रृंगी ऋषि पहाड़ी के नीचे स्थित जंगल से भटककर गांव के खेत में पहुंच गया था। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले एक कोटरी सांकरा के जंगल में से भटक कर स्कूल के बाउंड्री वालों के तार में फस गया था।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा