न्याय सबके लिए के उद्देश्य से बस्तर अंचल में किया जा रहा विधिक साक्षरता शिविर
जगदलपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले में विधिक सेवा दिवस के अवसर पर पूरे सप्ताह भर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जगदलपुर द्वारा बस्तर जिले के समूचे अंचल में विधिक जागरूकता कार्यकम एवं विधिक साक्षरता शिविर आयोजित कर समस्त आमजनों को विधिक सेवा से अवगत कराया जा रहा है। विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन बस्तर जिले के समस्त ग्रामीण अंचलों, विद्यालयों एवं अन्य सुलभ स्थानों में समस्त न्यायाधीशगण, समस्त पेनल अधिवक्ताओं एवं समस्त पैरालीगल वालिंटियर्स द्वारा किया जाएगा ।
इसी तारतम्य में बुधवार काे अंकिता कश्यप, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालिंटियर्स द्वारा विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं विद्यालयीन छात्र-छात्राओं के संबंध में छात्रावासों में विधिक जागरूकता कार्यकम आयोजित किये गये ।
पैरालीगल वालिंटियर्स द्वारा छात्रावासों एवं ग्राम पंचायतों में नालसा थीम सांग्श सुनाते हुए सभी आमजनों एवं छात्र-छात्राओं को विधिक सेवा से अवगत कराते हुए उन्हें विधिक सेवा कैसे प्राप्त किया जाए के संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा स्थापित प्रबंध कार्यालय एवं लीगल एड क्लीनिक के संबंध में बताया गया।
न्याय सबके लिए के उद्देश्य की पूर्ति हेतु बस्तर जिले के समस्त ग्रामीण अंचलों तक विधिक सेवा के संबंध में तथा विधिक सेवा गतिविधियों के बारे में प्रचार-प्रसार किये जाने हेतु अंकिता कश्यप, व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के मार्गदर्शन में लीगल एड डिफेंस कौंसिल सिस्टम के डिप्टी चीफ नवीन कुमार ठाकुर द्वारा आकाशवाणी के माध्यम से प्रसारण कराते हुए विधिक सेवा योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे