सूरजपुर : विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस पर विधिक साक्षरता शिविर आयोजित

 


सूरजपुर, 15 जून (हि.स.)। सोमवार को विश्व बुजुर्ग दुर्व्यवहार जागरूकता दिवस के अवसर पर ग्राम तिलसिवा स्थित स्नेह सम्बल वृद्धाश्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा वृहद विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, कानूनी संरक्षण और शासन की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष विनीता वार्नर के मार्गदर्शन तथा सचिव पायल टोपनो के दिशा-निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल हृदय नारायण श्रीवास्तव ने की।

शिविर में हृदय नारायण श्रीवास्तव ने ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007’ की जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून वरिष्ठ नागरिकों को अपने बच्चों या कानूनी वारिसों से भरण-पोषण, चिकित्सा सुविधा और सुरक्षा प्राप्त करने का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि परिवार में बुजुर्ग सबसे अनुभवी और मार्गदर्शक भूमिका निभाते हैं, इसलिए उनके सम्मान और देखभाल की जिम्मेदारी समाज की भी है।

डिप्टी चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल चक्के लाल विश्वकर्मा ने एकल परिवार की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण बुजुर्गों में बढ़ रहे अकेलेपन और मानसिक तनाव पर चिंता व्यक्त की। वहीं असिस्टेंट लीगल एड डिफेंस काउंसिल अभिषेक भाई पटेल ने वृद्धावस्था पेंशन, निःशुल्क विधिक सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।

कार्यक्रम के दौरान कई वरिष्ठ नागरिकों ने मंच पर आकर अपने जीवन के अनुभव साझा किए। कुछ बुजुर्गों ने बच्चों द्वारा उपेक्षा और दुर्व्यवहार की पीड़ा भी व्यक्त की, जिससे माहौल भावुक हो गया। उपस्थित अधिकारियों ने उन्हें हरसंभव कानूनी सहायता और सहयोग का भरोसा दिलाया।

शिविर में आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को उपलब्ध निःशुल्क कानूनी सहायता संबंधी जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में सरपंच कामेश्वर सिंह, वृद्धाश्रम अधीक्षिका पायल गुप्ता, पैरा लीगल वालंटियर्स तथा बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय