नशा मुक्ति एवं कल्याण अभियान अंतर्गत विधिक जागरूकता शिविर आयोजित
-स्कूली बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों और पॉक्सो एक्ट के कानूनी प्रावधानों की दी गई जानकारी
जगदलपुर, 18 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के दिशा-निर्देशों के तहत बुधवार को जगदलपुर के स्वामी आत्मानंद विवेकानंद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय (हिन्दी-अंग्रेजी माध्यम) में विधिक साक्षरता जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन नशा मुक्ति एवं कल्याण अभियान (डॉन) के अंतर्गत किया गया।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जगदलपुर के अध्यक्ष गोविंद नारायण जांगड़े के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में जनोपयोगी स्थाई लोक अदालत, जगदलपुर की चेयरमैन उदयलक्ष्मी परमार ने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति एवं कल्याण अभियान के उद्देश्यों की जानकारी दी।
इस दौरान उन्होंने बच्चों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं और विद्यार्थियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए नशे से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
शिविर में मादक पदार्थों के दुरुपयोग से प्रभावित व्यक्तियों के पुनर्वास के लिए उपलब्ध सहायता तथा उनके सामाजिक पुनर्स्थापन में सहयोग से संबंधित जानकारी भी दी गई।
इसके अलावा विद्यार्थियों को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (पॉक्सो एक्ट) सहित बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। उदयलक्ष्मी परमार ने बच्चों को लैंगिक अपराधों, शोषण और उत्पीड़न से सुरक्षित रहने के उपाय बताते हुए किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में जागरूक रहने और उचित सहायता लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, छात्र-छात्राएं तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरालीगल वालंटियर उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे