बलरामपुर : विधानसभा सत्र तक अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर रोक

 

बलरामपुर, 25 जून (हि.स.)।छत्तीसगढ़ विधानसभा के दशम सत्र को देखते हुए जिला प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आदेश जारी कर जिले में पदस्थ सभी शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 17 जुलाई 2026 तक अपने मुख्यालय और कार्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।

जारी आदेश के अनुसार छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधानसभा का दशम सत्र 13 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। विधानसभा सत्र के दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित प्रश्नों, सूचनाओं और जवाबों का समय पर संकलन एवं प्रेषण सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि इस अवधि में किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बिना अनुमति अवकाश पर जाने की अनुमति नहीं होगी। यदि किसी अपरिहार्य अथवा अत्यावश्यक कारणवश अवकाश लेना आवश्यक हो, तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूर्व अनुमति प्राप्त करनी होगी।

आदेश के अनुसार तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के अवकाश की स्वीकृति संबंधित विभाग प्रमुख द्वारा दी जाएगी, जबकि जिला स्तरीय अधिकारियों को अवकाश पर जाने से पहले कलेक्टर से लिखित अनुमति लेना अनिवार्य होगा।

विधानसभा सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले तारांकित एवं अतारांकित प्रश्न, ध्यानाकर्षण, शून्यकाल, स्थगन प्रस्ताव, आश्वासन, अशासकीय संकल्प और याचिकाओं से संबंधित जानकारी निर्धारित समय में शासन को भेजने के लिए जिला स्तर पर अधिकारियों की नियुक्ति भी की गई है।

इसके तहत अपर कलेक्टर आर.एस. लाल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। वहीं जिला कार्यालय अधीक्षक संजय कुमार मरई को विधानसभा सेल प्रभारी बनाया गया है। जितेश कुमार पैकरा और विकास बखला को विधानसभा सेल सहायक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय