15 अगस्त तक पूरा होगा पट्टा सर्वे, पात्र परिवारों को मिलेगा भूमि का मालिकाना हक

 


धमतरी, 22 जुलाई (हि.स.)। नगर पालिक निगम धमतरी के सोरिद वार्ड में संचालित पट्टा सर्वे अभियान का सभापति कौशिल्या देवांगन ने निरीक्षण कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप सर्वे कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से 15 अगस्त तक हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि वर्षों से शासकीय भूमि पर निवास कर रहे पात्र परिवारों को शीघ्र भूमि का मालिकाना हक मिल सके।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा का उद्देश्य पात्र एवं जरूरतमंद परिवारों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाना है। इसी लक्ष्य को लेकर नगर निगम और राजस्व विभाग संयुक्त रूप से वार्डों में व्यापक सर्वे अभियान चला रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण करने, किसी भी पात्र हितग्राही को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने देने तथा सर्वे के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की अनावश्यक असुविधा नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वास जताया कि 15 अगस्त तक सर्वे कार्य पूर्ण कर पात्र हितग्राहियों को पट्टा वितरण की दिशा में प्रभावी पहल की जाएगी, जिससे स्वतंत्रता दिवस पर अनेक परिवारों का वर्षों पुराना सपना साकार होगा।

नगर निगम के स्वास्थ्य विभाग के अध्यक्ष निलेश लूनिया ने कांग्रेस के धरना-प्रदर्शन को जनता को गुमराह करने का प्रयास बताते हुए कहा कि जिन लोगों ने अपने शासनकाल में गरीबों को प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित रखा, वे आज धरना देकर जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को पहले अपने कार्यकाल का हिसाब देना चाहिए। निलेश लूनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में गरीब, किसान और जरूरतमंद परिवारों के हित में लगातार ऐतिहासिक निर्णय लिए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रदेश में लाखों गरीब परिवारों के पक्के मकान का सपना साकार किया जा रहा है। धमतरी नगर निगम क्षेत्र में भी भाजपा सरकार की पहल पर विभिन्न वार्डों के पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृत हुए हैं। उन्होंने बताया कि केवल एक वर्ष के भीतर ही 1072 हितग्राहियों को आवास की स्वीकृति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गरीबों के जीवन में वास्तविक बदलाव लाने और उन्हें सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा