झारखंड के युवाओं पर लाठीचार्ज और कांग्रेस की चुप्पी उसके दोहरे चरित्र का प्रमाण – केदार कश्यप

 


जगदलपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने झारखंड में प्रदर्शन कर रहे युवाओं पर कथित लाठीचार्ज को लेकर कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा सरकार पर उन्होंने कहा कि झारखंड में हजारों युवा अपने हक और अधिकार की लड़ाई लड़ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस समर्थित झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार में उन युवाओं पर बेरहमी से लाठियां चलाई गईं।

मंत्री कश्यप ने कहा कि जब दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन होता है, तब कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और वामपंथी दल न्याय एवं अधिकारों की बड़ी-बड़ी बातें करते हैं। लेकिन जब झारखंड के युवा अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर उतरते हैं और उन पर लाठियां चलती हैं, तब इन्हीं दलों के नेताओं के मुंह से एक शब्द तक नहीं निकलता है, कांग्रेस की यह चुप्पी उसके दोहरे चरित्र का प्रमाण है।

मंत्री कश्यप ने कहा कि क्या झारखंड में अपने अधिकारों के लिए प्रदर्शन करने वाले युवा कांग्रेस की नजर में सौतेले हैं? जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने वालों के लिए आवाज उठाने वाली कांग्रेस को झारखंड के युवाओं का दर्द क्यों दिखाई नहीं देता। कांग्रेस पार्टी झारखंड की सत्ता में झारखंड मुक्ति मोर्चा की सहयोगी है, लेकिन युवाओं पर हुई कार्रवाई के बाद वह मुंह में लड्डू डालकर बैठी हुई है। यह कांग्रेस की चयनात्मक राजनीति और दोहरे मापदंड को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की इस ड्यूल पॉलिसी को देख और समझ रही है। एक राज्य में प्रदर्शनकारियों के अधिकारों की बात करना और अपनी समर्थित सरकार वाले राज्य में युवाओं पर कार्रवाई होने पर मौन साध लेना कांग्रेस के वास्तविक राजनीतिक चरित्र को सामने लाता है।

केदार कश्यप ने कहा, कांग्रेस का यह दोहरा मापदंड अब देश की जनता से छिपा नहीं है। उसके वास्तविक चेहरे को लोग पहचान चुके हैं और समझ चुके हैं कि कांग्रेस की न्याय की बातें केवल राजनीतिक सुविधा के अनुसार बदलती रहती हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे