कांकेर के खैरीपदर में बड़ी संख्या में लोग मलेरिया पीड़ित, शिविर लगाने की मांग
कांकेर, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले के कोयलीबेड़ा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कंदाड़ी के आश्रित गांव खैरीपदर में मलेरिया तेजी से फैल रहा है। गांव में बड़ी संख्या में लोग मलेरिया की चपेट में हैं, लेकिन स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण ग्रामीणों को इलाज के लिए नदी पार कर दूसरे गांवों तक जाना पड़ रहा है। ग्रामीणाें ने गांव में शिविर लगाने की मांग की है।
दूरस्थ आदिवासी अंचल से एक मां अपने बीमार बेटे को लेकर नदी किनारे रेत पर बैठी नजर आई, जो इलाज के बाद घर लौटने के लिए नाव का इंतजार कर रही थी। खैरीपदर निवासी रामलाल के परिजनों के अनुसार, युवक को चार दिनों से तेज बुखार था। छोटेबेठिया में जांच कराने पर मलेरिया की पुष्टि हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि कंदाड़ी पंचायत के खैरीपदर, आमाटोला, आलदंड, बेहिबेड़ा, कल्पर और हिदहूर सहित कई गांवों के लोग इलाज के लिए इसी रास्ते से गुजरने को मजबूर हैं। सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के चलते ग्रामीण छोटेबेठिया के निजी चिकित्सकों और मेडिकल दुकानों से महंगा इलाज कराने को विवश हैं।
ग्राम पंचायत कंदाड़ी की सरपंच मैनी कचलम ने बताया कि कुछ दिन पहले स्वास्थ्य विभाग ने घर-घर सर्वे और शिविर लगाया था, लेकिन समय पर सूचना नहीं मिलने से कई ग्रामीण जांच से वंचित रह गए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में दोबारा विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाने की मांग की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे