भाषा शिक्षण कार्यक्रम और कवि सम्मेलन 23 सितंबर को
रायगढ़, 20 सितंबर (हि.स.)। ब्रम्हा संवारो फाउंडेशन के तत्वावधान में 23 सितम्बर को रायगढ़ के अग्रोहा धाम, जिंदल रोड में एक भव्य भाषा शिक्षण कार्यक्रम एवं कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन भाषा, साहित्य, शिक्षा एवं सांस्कृतिक चेतना को समर्पित होगा, जिसमें प्रदेश एवं देश के अनेक प्रतिष्ठित शिक्षाविद्, साहित्यकार, भाषाविद् तथा जनप्रतिनिधि शामिल होंगे।
मध्यान्ह 3 से 5 बजे आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय होंगे, जिनके करकमलों से भाषा शिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता वित्त मंत्री ओपी चौधरी करेंगे।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में पूर्व अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राजभाषा आयोग एवं थावे विद्यापीठ, गोपालगंज (बिहार) के कुलपति डॉ. विनय कुमार पाठक, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय रायगढ़ के कुलपति डॉ. विनय चौहान, ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय रायगढ़ के कुलपति डॉ. आर.डी. पाटीदार, शहीद नंदकुमार पटेल विश्वविद्यालय के कुल सचिव डॉ. तरुणधर दीवान, रामदास द्रौपदी फाउंडेशन के चेयरमैन सुनील रामदास, समाजसेवी सुनील अग्रवाल लेंध्रा तथा छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष राहुल अग्रवाल उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम में शिक्षाविद् एवं हिन्दी विषय विशेषज्ञ प्रकाश शर्मा, हिन्दी भाषा के पत्रकार एवं समिति अध्यक्ष भानु प्रताप मिश्र, अंग्रेजी भाषा के पत्रकार एवं प्रोफेसर डॉ. विभाष झा तथा ओ.पी. जिंदल विश्वविद्यालय के प्रोफेसर डॉ. संजय सिंह भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को समृद्ध करेंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष भानु प्रताप मिश्र, समिति के संरक्षक सर्वश्री वेदप्रकाश पाण्डेय, अनिल दुबे एवं अन्य सदस्य गण कार्यक्रम के सफल संचालन व व्यवस्थाओं का दायित्व संभाल रहे हैं।
आयोजक संस्था ब्रम्हा संवारो फाउण्डेशन के अनुसार इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य भाषा शिक्षण को प्रोत्साहित करना, हिन्दी, संस्कृत एवं अंग्रेजी भाषा के अध्ययन-अध्यापन को नई दिशा प्रदान करना तथा युवाओं में भाषायी दक्षता और साहित्यिक अभिरुचि का विकास करना है। कार्यक्रम में भाषा शिक्षण के विभिन्न आयामों, वर्तमान चुनौतियों एवं संभावनाओं पर विशेषज्ञों द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा।
निशुल्क भाषा शिक्षण कार्यक्रम के समापन के पश्चात एक भव्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। इस कवि सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आमंत्रित प्रतिष्ठित कवि एवं साहित्यकार अपनी रचनाओं का काव्यपाठ करेंगे। हास्य, वीर, श्रृंगार, ओज तथा समसामयिक विषयों पर आधारित कविताओं के माध्यम से साहित्य प्रेमियों को एक उत्कृष्ट सांस्कृतिक संध्या का आनंद प्राप्त होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान