अंबिकापुर : सीएम साय ने 3,158 हितग्राहियों को 3.15 करोड़ से अधिक की राशि का किया अंतरण
अंबिकापुर, 25 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में भूमिहीन कृषि मजदूरों के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बलौदाबाजार से आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम के दौरान सरगुजा जिले के हजारों हितग्राहियों के खातों में सीधे डीबीटी के माध्यम से राशि अंतरित की। इस अवसर पर ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के तहत सरगुजा जिला के कुल 3,158 श्रमिकों को तीन करोड़ 15 लाख 80 हजार रुपये की सहायता राशि का लाभ मिला।
इस योजना के तहत जिले के ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों के पात्र भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक संबल प्रदान किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार 2,893 ग्रामीण हितग्राहियों के खातों में राशि भेजी गई, जबकि नगर पंचायत लखनपुर और सीतापुर के 265 श्रमिकों को भी इस योजना से लाभान्वित किया गया। इस तरह कुल 3,158 लाभार्थियों के बैंक खातों में सीधे राशि हस्तांतरित की गई। वहीं अंबिकापुर और सीतापुर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान हितग्राहियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रमिकों के परिश्रम का सम्मान करते हुए उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के माध्यम से ऐसे परिवारों को सहायता दी जा रही है, जिनकी आजीविका पूरी तरह श्रम पर आधारित है। डबल इंजन सरकार के इस प्रयास से गरीब और भूमिहीन वर्ग को सीधा लाभ मिल रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा पारदर्शी प्रक्रिया के तहत पात्र हितग्राहियों का चयन कर राशि का वितरण सुनिश्चित किया गया है। इस वित्तीय सहायता से श्रमिक परिवारों को न केवल दैनिक जरूरतों में राहत मिलेगी, बल्कि उनके जीवन स्तर में भी सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह