कोरबा में एसईसीएल कॉलोनी के मकान में लाखों की चोरी, नौकरानी के भरोसे था घर

 




कोरबा, 19 अक्टूबर (हि. स.)। कोरबा जिले में चोरी की एक वारदात सामने आई है। कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर के पास स्थित एसईसीएल कॉलोनी के डी-3 मकान को अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया।

जानकारी के अनुसार 17 और 18 अक्टूबर की दरम्यानी रात हुई इस घटना में मकान से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। हालांकि, चोरी गए सामान की वास्तविक कीमत और आभूषणों की संख्या का फिलहाल खुलासा नहीं हो पाया है।

काेतवाली पुलिस से साेमवार काे प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित मकान एसईसीएल के सेवानिवृत्त कर्मचारी कमल राव का है। सेवानिवृत्ति के बाद वे बिलासपुर में अपना मकान बनवा रहे हैं। इसी कारण कोरबा स्थित उनके मकान की देखरेख की जिम्मेदारी एक महिला नौकरानी को सौंपी गई थी। महिला मकान में रहकर उसकी देखभाल कर रही थी। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मौका पाकर मकान में चोरी की वारदात को अंजाम दे दिया।

घटना के बाद मकान से आभूषण और नकदी चोरी होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, घर में रखे सामान की पूरी सूची और चोरी गए जेवरात की वास्तविक कीमत की पुष्टि अभी नहीं हुई है। मकान मालिक के परिजनों के कोरबा पहुंचने और घर में रखे सामान का मिलान करने के बाद ही चोरी से हुए कुल नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।

वारदात की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि चोर मकान में किस रास्ते से दाखिल हुए और चोरी की घटना को किस तरह अंजाम दिया गया। साथ ही, घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल अज्ञात आरोपिताें के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चोरी की वारदात से जुड़े तथ्यों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी