बलरामपुर : सीईओ ने कंचननगर में स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का लिया जायजा
जिला पंचायत सीईओ ने महिलाओं को लखपति दीदी अभियान से जुड़ने और आय बढ़ाने के लिए किया प्रेरित
बलरामपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। बलरामपुर जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने आज बुधवार काे विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम कंचननगर पहुंचकर राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत संचालित स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समूहों की आजीविका गतिविधियों का जायजा लिया और महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने शक्ति महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य रौशनी के यहां उपलब्ध कृषि उपकरणों का अवलोकन किया। उन्होंने उपकरणों के संचालन, रखरखाव और साझा उपयोग की जानकारी लेते हुए कृषि यंत्रीकरण का अधिक से अधिक लाभ उठाकर उत्पादन लागत कम करने और आय बढ़ाने पर जोर दिया।
इसके बाद उन्होंने जमुना महिला स्वयं सहायता समूह की अनीता मंडल और महा सरस्वती स्वयं सहायता समूह की दीपिका हालदार द्वारा मचान पद्धति से किए जा रहे सब्जी बीज उत्पादन और सिंचाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। उन्होंने मिट्टी परीक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, वैज्ञानिक जल प्रबंधन और आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी।
डॉ. चतुर्वेदी ने समूहों के बचत एवं ऋण संचालन, गतिविधि पंजी और अन्य अभिलेखों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वित्तीय पारदर्शिता, नियमित लेखांकन और अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने महिलाओं से संवाद करते हुए लखपति दीदी अभियान से जुड़ने, समूह आधारित उद्यमों का विस्तार करने, क्लस्टर आधारित विपणन, बेहतर पैकेजिंग, वैज्ञानिक भंडारण, प्रत्यक्ष बाजार से जुड़ने और शासकीय व बैंकिंग योजनाओं का अधिकतम लाभ लेकर स्थायी आय के स्रोत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय