अम्बिकापुर : जिला पंचायत सीईओ ने दूरस्थ गांवों में परखी जनकल्याणकारी योजनाएं, निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश
अम्बिकापुर, 01 सितंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले के आकांक्षी विकासखंड लखनपुर में विकास कार्यों की वास्तविक धरातलीय स्थिति परखने के लिए जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव ने दूरस्थ ग्राम पंचायतों का सघन दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, आजीविका संवर्धन, पोषण अभियान सहित विभिन्न बुनियादी सुविधाओं का बारीकी से मूल्यांकन किया और संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता व गति सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
भ्रमण के दौरान ग्राम पंचायत लैगा एवं बगदर्री में मनरेगा व एनआरएलएम के कन्वर्जेंस से निर्मित आंगनबाड़ी केंद्रों और निर्माण कार्यों का जायजा लिया गया। सीईओ ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों के घर जाकर निर्माण कार्य की प्रगति देखी और समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने के लिए तकनीकी मार्गदर्शन दिया। बगदर्री के महुआपारा में मॉडल आंगनबाड़ी केंद्र के रूप में विकसित किए जा रहे केंद्र का मुआयना करते हुए उन्होंने बच्चों से बातचीत की और विकासखंड के सभी केंद्रों में पोषण आहार के रूप में ताजी हरी सब्जियों की नियमित उपलब्धता अनिवार्य करने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों और स्व-सहायता समूहों से सीधा संवाद करते हुए उन्होंने ग्राम निम्हा बालक छात्रावास में खान-पान, आवास और शिक्षण व्यवस्था की समीक्षा की। वहीं बगदर्री में 'लखपति दीदी' द्वारा 3 एकड़ में की जा रही खीरे की आधुनिक खेती का अवलोकन कर उत्पादन, बाजार और आपूर्ति तंत्र की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं को आजीविका संवर्धन से जुड़कर स्वावलंबी बनने के लिए प्रेरित किया और सीएलएफ स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। कुंवरपुर में पोल्ट्री फार्म, एलएससी केंद्र, 'श्री छेरी बैंक' और बिनकरा में अटल डिजिटल सेवा केंद्र का भी निरीक्षण किया गया, जहां नेटवर्क संबंधी समस्या को तत्काल दुरुस्त करने को कहा गया।
दौरे के अंत में लखनपुर जनपद कार्यालय में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में विकासखंड की सभी 74 ग्राम पंचायतों के सचिवों और रोजगार सहायकों को आगामी 15 दिनों के भीतर प्रधानमंत्री आवास निर्माण में ठोस प्रगति दिखाने की समय-सीमा तय की गई। साथ ही जल संरक्षण के तहत तालाबों के गहरीकरण और जीर्णोद्धार को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। बैठक में जनपद सीईओ खुशबू शास्त्री, मनरेगा कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी अमला और एनआरएलएम की जिला टीम उपस्थित रही।
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह