मज़दूर दिवस पर कंडेल में श्रम शक्ति का सम्मान

 




मजदूर-किसानों संग बोरे बासी का किया साझा भोजन

धमतरी, 01 मई (हि.स.)। मज़दूर दिवस के अवसर पर आज शुक्रवार काे नगर निगम के उपनेता प्रतिपक्ष सत्येंद्र विशु देवांगन ने गौरव ग्राम कंडेल पहुंचकर मजदूरों और किसानों के साथ बैठकर पारंपरिक बोरे बासी का सेवन किया। इस अवसर पर उन्होंने मेहनतकश वर्ग के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए “श्रम शक्ति” को नमन किया।

उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी और तपती धूप के बीच जब आम जनजीवन प्रभावित होता है, तब मजदूर और किसान अपने पसीने से धरती को सींचते हैं। विपरीत परिस्थितियों में भी उनका परिश्रम और जज़्बा कम नहीं होता। मज़दूर दिवस ऐसे ही श्रमिकों के समर्पण और मेहनत को सम्मान देने का दिन है। देवांगन ने बोरे बासी की परंपरा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह सिर्फ एक सादा भोजन नहीं, बल्कि ग्रामीण जीवन की ऊर्जा और ठंडक का स्रोत है। सुबह तड़के खेतों में काम करने के बाद पेड़ों की छांव में बैठकर इसका सेवन करने से मजदूरों और किसानों को दिनभर की मेहनत के लिए ताकत मिलती है। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक ताकत यही श्रमिक वर्ग है, जो अपने श्रम से जीवन की गति को निरंतर आगे बढ़ाता है।

इस दौरान जिला कांग्रेस महामंत्री कृष्ण कुमार मरकाम, पप्पू साहू, राहुल गजेंद्र, शशांक गजेंद्र सहित बड़ी संख्या में मजदूर साथी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा