जांजगीर चांपा : सेवा सेतु शिविर में 9.39 करोड़ रुपये के ऋण वितरित, 20 नई लखपति दीदियों का सम्मान

 






जांजगीर-चांपा, 3 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के अंतर्गत आज शनिवार को पामगढ़ विकासखंड के ग्राम पंचायत कुटराबोड़ स्थित डीएव्ही स्कूल ग्राउंड में विशेष शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की शासकीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।

शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का अवलोकन कर ग्रामीणों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली तथा पात्र लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में आजीविका ऋण मेला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। यहां कुल 227 प्रकरणों में 9.39 करोड़ रुपये की राशि का वितरण किया गया। वहीं 162 प्रकरणों में 8.70 करोड़ रुपये की ऋण राशि स्वीकृत की गई और 86 प्रकरणों में 2.71 करोड़ रुपये की राशि प्रेषित की गई। बिहान योजना के तहत स्व-सहायता समूहों के 58 प्रकरणों में 1.29 करोड़ रुपये की ऋण स्वीकृति तथा 86 प्रकरणों में 2.72 करोड़ रुपये का वितरण किया गया।

मुद्रा ऋण योजना के तहत 6 प्रकरणों में 6 लाख रुपये स्वीकृत किए गए और 2 प्रकरणों में 2 लाख रुपये वितरित किए गए। महिला उद्यमी ऋण के अंतर्गत 26 प्रकरणों में 26 लाख रुपये का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत एक क्लेम में 2 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई। हितग्राहियों को ऋण स्वीकृति और वितरण के चेक भी सौंपे गए।

कार्यक्रम में 20 नई ‘लखपति दीदियों’ को सम्मानित किया गया। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों, स्वरोजगार और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के प्रयासों की जानकारी दी गई। विभिन्न आजीविका गतिविधियों के लिए हितग्राहियों को आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई।

शिविर में अन्नप्राशन कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के पोषण और स्वस्थ विकास का संदेश दिया गया। दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल एवं सहायक उपकरण प्रदान किए गए। राजस्व विभाग ने जाति प्रमाण पत्र सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराईं। स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को अधिकार अभिलेख और जॉब कार्ड भी वितरित किए गए।

निर्माण श्रमिकों और असंगठित कर्मकारों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। इनमें मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, असंगठित कर्मकार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना, मुख्यमंत्री नोनी सशक्तिकरण योजना, मुख्यमंत्री श्रमिक सियान सहायता योजना और मिनीमाता महतारी जतन योजना शामिल हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पात्र हितग्राहियों को भी लाभ मिला।

स्वास्थ्य विभाग की ओर से शिविर स्थल पर पोर्टेबल एक्स-रे, गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की जांच और नेत्र परीक्षण जैसी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। ग्रामीणों की मौके पर जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श और मार्गदर्शन दिया गया।

शिविर में पूर्व संसदीय सचिव अम्बेश जांगड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, जनपद पंचायत पामगढ़ अध्यक्ष रंजना मानेश जांगड़े, जनपद उपाध्यक्ष रूपचंद साहू, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य, सरपंच, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आगामी विशेष शिविर 5 अक्टूबर को बलौदा के अटल समरसता भवन जावलपुर, 6 अक्टूबर को नवागढ़ के ग्राम पंचायत सेमरा स्थित हाई स्कूल परिसर और 8 अक्टूबर को बम्हनीडीह के ग्राम पंचायत पोड़ीशंकर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला बाजार चौक में आयोजित किए जाएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT