कुसमी में बेटे ने मां के सिर पर कुदाली से किया हमला, हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार
बलरामपुर, 01 नवंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के कुसमी थाना क्षेत्र के ग्राम डायनटोली में घरेलू विवाद के दौरान एक बेटे ने अपनी मां पर कुदाली से जानलेवा हमला कर दिया। सिर पर दो-तीन वार लगने से महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। घटना के बाद उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने हत्या के प्रयास के आरोप में पुत्र को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे आज रविवार को जेल भेज दिया गया।
पुलिस ने आज रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, 31 अक्टूबर काे ग्राम डायनटोली निवासी बिफती उरांव (55) अपने घर में लिपाई-पोताई कर रही थीं, इसी दौरान उनका पुत्र गोविन्द बेक (28) घरेलू बात को लेकर विवाद करने लगा। विवाद बढ़ने पर उसने घर में रखी छोटी कुदाली (कुदरा) से मां के सिर पर दो-तीन बार वार कर दिया। हमले में महिला बेहोश होकर गिर गईं। इसके बाद ग्रामीणों की मदद से डायल 112 के जरिए उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया।
महिला की रिपोर्ट पर कुसमी थाने में अपराध क्रमांक 99/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान एफएसएल सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस ने मौके से खून लगी मिट्टी और साधारण मिट्टी जब्त की। वहीं आरोपित के कथन के आधार पर घटना में इस्तेमाल की गई कुदाली भी बरामद की गई।
पुलिस ने आरोपित गोविन्द बेक (उम्र 28 वर्ष) निवासी रामनगर, थाना कुसमी को गिरफ्तार कर एक नवंबर को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय