कुसमी पुलिस ने 30 साल से फरार डकैती के स्थायी वारंटी को किया गिरफ्तार

 


बलरामपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। ऑपरेशन ईगल के तहत कुसमी पुलिस ने डकैती के एक मामले में करीब 30 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया।

बलरामपुर पुलिस ने आज रविवार को विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, थाना कुसमी में वर्ष 1994 में दर्ज अपराध क्रमांक 17/1994 के तहत भारतीय दंड संहिता की धारा 395 और 397 में डकैती का मामला दर्ज किया गया था। इस प्रकरण में झारखंड के गुमला जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सुग्गा निवासी प्रेमचंद्र, पिता पहल ब्रिजय, लंबे समय से फरार चल रहा था। न्यायालय ने 18 नवंबर 1997 को उसके विरुद्ध स्थायी वारंट जारी किया था।

पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज की ओर से फरार आरोपितों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन ईगल चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बलरामपुर-रामानुजगंज के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में कुसमी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए स्थायी वारंटी को गिरफ्तार किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय