टैंकर मुक्त रहा कुरूद, भीषण गर्मी में भी नहीं हुई पेयजल संकट की स्थिति

 








धमतरी, 04 जून (हि.स.)। भीषण गर्मी के पूरे मौसम में धमतरी जिले के नगर पंचायत कुरूद ने पेयजल प्रबंधन का ऐसा उदाहरण प्रस्तुत किया कि वर्ष 2025-26 में नगर पूरी तरह टैंकर मुक्त रहा। गर्मी के अंतिम दौर तक नगर के सभी 15 वार्डों में नियमित और पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की गई तथा किसी भी वार्ड से जल संकट अथवा पेयजल आपूर्ति संबंधी शिकायत प्राप्त नहीं हुई। इससे नागरिकों को बड़ी राहत मिली।

नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जलस्रोतों की सतत निगरानी, पाइपलाइन की समय-समय पर मरम्मत तथा मोटर पंपों के नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया गया। इसी का परिणाम रहा कि भीषण गर्मी के बावजूद नगर में कहीं भी टैंकर के माध्यम से पानी पहुंचाने की आवश्यकता नहीं पड़ी। पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय रहा और संभावित समस्याओं का समय रहते समाधान किया गया। वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए नगर के विभिन्न वार्डों में नालियों की व्यापक सफाई भी जारी है। लंबे समय से जाम पड़ी नालियों को तोड़कर उनमें जमा कचरा निकाला जा रहा है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव और गंदगी की समस्या उत्पन्न न हो। पुराना बाजार चौक सहित कई प्रमुख क्षेत्रों में सफाई अभियान युद्धस्तर पर संचालित किया जा रहा है। चंद्राकर भवन के समीप तथा केनाल रोड से लगी नालियों की सफाई का कार्य भी तेजी से चल रहा है।

नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर ने गुरुवार काे कहा कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता और विकास कार्यों को लेकर पूरी टीम निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने नगरवासियों से भी स्वच्छ एवं सुंदर कुरूद के निर्माण में सहयोग करने की अपील की। नपा सीएमओ महेंद्र राज गुप्ता ने बताया कि भीषण गर्मी के दौरान सभी वार्डों में पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराया गया और नगर को टैंकर मुक्त बनाए रखने में सफलता मिली। उन्होंने कहा कि वर्षा ऋतु से पहले नालियों की सफाई एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।सुव्यवस्थित जल प्रबंधन, सतत निगरानी और स्वच्छता कार्यों के चलते कुरुद के नागरिकों को काफी राहत मिली।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा