कभी नक्सलियों का अभेद्य गढ़ था कर्रेगुट्टा, अब दीपों की रोशनी में गूंजे गीत-संगीत
बीजापुर, 09 नवंबर (हि.स.)। जिला मुख्यालय से करीब 82 किलोमीटर दूर स्थित गुंजेपर्ती में सीआरपीएफ की सी/229 बटालियन के जवानों ने ग्रामीणों को दीपावली की खुशियों में सहभागी बनाया।
कभी नक्सलियों के सबसे सुरक्षित ठिकानों और बड़े ऑपरेशनल केंद्रों में शुमार कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों में इस बार दीपावली की रात एक अलग ही तस्वीर दिखाई दी। जिन दुर्गम पहाड़ियों में कभी माओवादी गतिविधियों, बारूदी सुरंगों और सुरक्षाबलों के बड़े अभियानों की चर्चा होती थी, वहां इस बार दीपों की रोशनी, बच्चों की खिलखिलाहट, गीत-संगीत और पारंपरिक नृत्य की गूंज सुनाई दी। गुंजेपर्ती गांव में सीआरपीएफ जवानों ने ग्रामीणों के साथ दीपावली मनाकर विश्वास, भाईचारे और बदलते बस्तर का संदेश दिया।
सी/229 बटालियन के कंपनी कमांडर निरीक्षक अरूपानंद नायक के नेतृत्व में आयोजित दीपावली कार्यक्रम इसी व्यापक बदलाव की एक झलक बना। उन्होंने कहा कि दीपावली अंधकार से प्रकाश, निराशा से आशा और दूरियों से अपनत्व की ओर बढ़ने का संदेश देती है। जवानों ने आस-पास के पारा और गांवों के करीब 60 बच्चों को मिठाई, प्रसाद, वस्त्र और पटाखे वितरित किए। शाम होते ही जवानों और ग्रामीणों ने मिलकर दीप जलाए। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में गीत-संगीत और पारंपरिक नृत्य की प्रस्तुतियां हुईं। कार्यक्रम का सबसे खास पहलू यह रहा कि जवान और ग्रामीण एक साथ बैठकर रात्रि भोज में शामिल हुए। दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र में सुरक्षाबलों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच इस तरह का आत्मीय मेलजोल अपने आप में खास संदेश देता नजर आया।
कर्रेगुट्टा की इन पहाड़ियां छत्तीसगढ़ और तेलंगाना की सीमा पर फैला यह इलाका लंबे समय तक नक्सलियों का सुरक्षित ठिकाना रहा। दुर्गम पहाड़ियां, घने जंगल, कठिन रास्ते और सीमित पहुंच इसे नक्सलियाें के लिए अनुकूल बनाते थे। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, यहां कभी नक्सली संगठनों के बड़े कमांडरों के साथ करीब 450 से 600 सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की खुफिया सूचना मिली थी। इस इलाके को नक्सली संगठन के बड़े सैन्य और रणनीतिक केंद्र के रूप में भी इस्तेमाल करते थे।
कर्रेगुट्टा को नक्सलियों के प्रभाव से मुक्त कराने के लिए 21 अप्रैल से 11 मई 2025 तक सुरक्षाबलों ने बड़ा अभियान चलाया था। ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट के नाम से चर्चित इस कार्रवाई में सीआरपीएफ, कोबरा, डीआरजी, एसटीएफ और छत्तीसगढ़ पुलिस के हजारों जवान शामिल हुए थे। अभियान के दौरान 31 माओवादी मारे गए। इसके अलावा 226 आईईडी बरामद किए गए और बड़ी संख्या में हथियार, विस्फोटक तथा माओवादी ठिकाने नष्ट किए गए। इस अभियान को माओवादी संगठन के खिलाफ बड़ी रणनीतिक सफलता माना गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे