रायपुर : केटीयू में नव-प्रवेशित छात्रों के लिए दीक्षारंभ समारोह आयोजित
रायपुर, 18 सितंबर (हि. स.)। कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय (केटीयू) में नव-प्रवेशित विद्यार्थियों के लिए शुक्रवार को 'दीक्षारंभ' कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर अकादमिक अनुशासन, स्किल डेवलपमेंट, कॉर्पोरेट जगत की मांगों और बदलते हेल्थकेयर सेक्टर में रोजगार की संभावनाओं पर वक्ताओं ने विचार साझा किए। कार्यक्रम की एक मुख्य उपलब्धि केटीयू और कलिंगा यूनिवर्सिटी के बीच संसाधनों के साझा उपयोग (रिसोर्स शेयरिंग) और आपसी सहयोग के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर होना रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कलिंगा यूनिवर्सिटी के कुलपति डॉ. आर. श्रीधर ने 'हेल्थकेयर मार्केटिंग एंड इमर्जिंग ट्रेंड्स' विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने नियमित कक्षाओं के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि डॉक्टर इलाज कर सकते हैं, लेकिन अस्पतालों का प्रबंधन और लाभ प्रबंधन विशेषज्ञों के हाथ में होता है।
इसी जरूरत को देखते हुए हेल्थ केयर मैनेजमेंट कोर्स शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि भारत में बहुराष्ट्रीय अस्पताल श्रृंखलाओं के आगमन और मेडिकल टूरिज्म के बढ़ते क्षेत्र से रोजगार के कई नए अवसर पैदा होंगे। इसके लिए विद्यार्थियों को अपनी क्षमताएं और कौशल निखारने होंगे।
केटीयू के कुलपति प्रो. मनोज दयाल ने सहयोग और समन्वय के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने भगवान गणेश के प्रतीकात्मक जीवन से प्रबंधन के मूलमंत्र साझा करते हुए कहा कि 'बड़ा सिर' बड़ी सोच का और 'छोटे कान' कम बोलने व सूक्ष्म अवलोकन का संदेश देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को परिस्थितियों के अनुकूल ढलने, स्मार्ट वर्किंग अपनाने और शिक्षा के माध्यम से केवल ज्ञान ही नहीं, बल्कि समग्र व्यक्तित्व निर्माण करने की सलाह दी।
केटीयू के कुलसचिव सुनील कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों से शिक्षकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री की मांग और आपूर्ति के बीच के अंतर को मिटाने का एकमात्र तरीका कौशल विकास (स्किल एन्हांसमेंट) और सकारात्मक एटीट्यूड है। उन्होंने दोनों विश्वविद्यालयों के बीच आपसी सहयोग की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
कार्यक्रम में डॉ. आशुतोष मांडवी,डॉ. केशव सिंह राठौर, डॉ. सोमनाथ साहू,डॉ. पंकज नयन पांडेय, डॉ. शैलेन्द्र खंडेलवाल, डॉ. शाहिद अली, डॉ. राजेंद्र मोहंती, डॉ. नृपेंद्र शर्मा सहित अतिथि प्राध्यापक और बड़ी संख्या में नव-प्रवेशित विद्यार्थी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर