कृषक उन्नति योजना से बढ़ा श्यामदेव का हौसला, डेढ़ एकड़ से बढ़ाकर 4 एकड़ में कर रहे अरहर-मक्का की खेती

 


बलरामपुर, 03 अक्टूबर (हि.स.)।कृषक उन्नति योजना के तहत मिली आर्थिक सहायता से बलरामपुर के ग्राम पुटसुरा निवासी किसान श्यामदेव गुप्ता ने खेती का रकबा बढ़ाया है। पिछले वर्ष 1.5 एकड़ में अरहर और मक्का की खेती करने वाले श्यामदेव इस वर्ष अपनी पूरी 4 एकड़ कृषि भूमि में इन फसलों की खेती कर रहे हैं।

बलरामपुर जिला प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार श्यामदेव के पास कुल 4 एकड़ कृषि भूमि है। पिछले वर्ष उन्होंने 1.5 एकड़ में अरहर और मक्का की फसल ली थी। कृषक उन्नति योजना के तहत उन्हें 15,300 रुपये की अनुदान राशि मिली। समय पर मिली इस सहायता से उनका खेती के प्रति भरोसा बढ़ा और उन्होंने अगले वर्ष पूरी भूमि में खेती करने का निर्णय लिया।

श्यामदेव ने बताया कि योजना से मिले प्रोत्साहन ने उन्हें फसल विविधीकरण के साथ अपनी पूरी कृषि भूमि का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उनका कहना है कि शासन की सहायता और मेहनत से खेती अब उनके लिए आर्थिक उन्नति का माध्यम बन रही है। उन्होंने इसके लिए शासन के प्रति आभार जताया।

कृषक उन्नति योजना के माध्यम से किसानों को कृषि आदानों की व्यवस्था में सहयोग देकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया जा रहा है। श्यामदेव गुप्ता का उदाहरण बताता है कि समय पर मिलने वाली सहायता किसानों को खेती का दायरा बढ़ाने और नई फसलों को अपनाने के लिए प्रोत्साहित कर सकती है।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय