सूरजपुर : कृषक उन्नति योजना से बदली घासी राम की तकदीर
सूरजपुर, 22 जून (हि.स.)।मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित कृषक उन्नति योजना किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में प्रभावी साबित हो रही है। सोमवार को सामने आई एक सफलता की कहानी में जिले के ग्राम सपकरा निवासी किसान घासी राम ने बताया कि योजना से मिली प्रोत्साहन राशि ने उनके परिवार के जीवन में बड़ा बदलाव लाया है।
घासी राम, स्वर्गीय नब्बू राम के पुत्र हैं और उनके पास 2.11 हेक्टेयर कृषि भूमि है। वर्ष 2025-26 में उन्होंने 85 क्विंटल धान का विक्रय किया, जिसके बदले कृषक उन्नति योजना के तहत उन्हें 62 हजार 135 रुपये की बोनस राशि प्राप्त हुई।
किसान ने बताया कि योजना से मिली अतिरिक्त राशि का उपयोग उन्होंने पक्का मकान बनाने, पुत्र के विवाह और बच्चों की शिक्षा पर किया। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और बच्चों के बेहतर भविष्य का मार्ग भी प्रशस्त हुआ है।
घासी राम का कहना है कि धान का उचित मूल्य मिलने से किसानों में खेती के प्रति उत्साह बढ़ा है। कृषक उन्नति योजना ने न केवल उनकी आय में वृद्धि की है, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में भी आगे बढ़ाया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और राज्य सरकार के प्रति आभार जताते हुए कहा कि किसान हितैषी योजनाओं के कारण ग्रामीण परिवारों का जीवन स्तर लगातार बेहतर हो रहा है। उनके अनुसार, कृषक उन्नति योजना किसानों की समृद्धि और खुशहाली का सशक्त माध्यम बनकर उभरी है तथा प्रदेश के कृषि विकास को नई दिशा दे रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय