कृषक रत्न पुरस्कार के लिए आवेदन 31 तक आमंत्रित

 

जगदलपुर, 07 जुलाई (हि.स.)। कृषि विभाग ने वर्ष 2026-27 के लिए प्रतिष्ठित डॉ. खूबचंद बघेल कृषक रत्न पुरस्कार के लिए जिले के पात्र किसानों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक किसान आवेदन प्रस्तुत कर इस सम्मान के लिए दावा कर सकते हैं। उप संचालक कृषि ने आज मंगलवार काे बताया कि आवेदन पत्र जिला बस्तर के उप संचालक कृषि कार्यालय, जगदलपुर तथा संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से नि:शुल्क प्राप्त किए जा सकते हैं। इसके अलावा विभागीय वेबसाइट से भी आवेदन पत्र डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध है। विभाग ने बताया कि पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन पत्र 31 जुलाई 2026 को कार्यालयीन समय तक उप संचालक कृषि कार्यालय, जिला बस्तर, जगदलपुर में जमा किए जा सकते हैं। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। इसलिए किसानों से समय-सीमा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है। पुरस्कार योजना, पात्रता या आवेदन प्रक्रिया से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान उप संचालक कृषि कार्यालय, जिला बस्तर, जगदलपुर अथवा अपने संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे