बलरामपुर : कृषक सूचना रथ को कलेक्टर ने दिखाई हरी झंडी
बलरामपुर, 01 जुलाई (हि.स.)। बुधवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कृषि आकस्मिक कार्ययोजना और विशेष जनजागरूकता अभियान के तहत कृषक सूचना रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इसके माध्यम से किसानों को कम वर्षा और संभावित अल-नीनो की स्थिति में सुरक्षित खेती के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
जिले में खरीफ सीजन के दौरान कम वर्षा और संभावित अल-नीनो के प्रभाव को देखते हुए कृषि विभाग ने विशेष जागरूकता अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत रवाना किया गया कृषक सूचना रथ चांदो, चलगली, रघुनाथनगर और राजपुर तहसील के गांवों और हाट-बाजारों में पहुंचकर किसानों को जागरूक करेगा।
कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अधिक से अधिक किसानों तक पहुंचकर मौसम के अनुसार वैज्ञानिक और व्यावहारिक खेती की जानकारी दें, ताकि कम बारिश की स्थिति में भी किसान बेहतर उत्पादन प्राप्त कर सकें।
अभियान के दौरान कृषि विभाग के अधिकारी और कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक गांवों में कृषि चौपाल लगाकर किसानों से सीधे संवाद करेंगे। उन्हें मक्का सहित कम पानी वाली खरीफ फसलों की खेती, नमी संरक्षण, जल प्रबंधन, फसल विविधीकरण और अन्य आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही किसानों की कृषि संबंधी समस्याओं का समाधान कर आवश्यक तकनीकी मार्गदर्शन भी दिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय