कोरबा में खिलौना दान अभियान को मिल रहा उत्साहजनक सहयोग, आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचेंगे खिलौने
कोरबा, 27 सितम्बर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत कोरबा जिले में चलाए जा रहे खिलौना दान अभियान को नागरिकों का उत्साहजनक सहयोग मिल रहा है। 23 सितंबर को रवाना हुआ खिलौना दान रथ नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में पहुंचकर लोगों से खिलौने एकत्र कर रहा है। घरों में बच्चों के बड़े हो जाने के बाद उपयोग में नहीं आने वाले खिलौने अब जरूरतमंद बच्चों के बचपन में खुशियां और सीखने के नए अवसर जोड़ेंगे।
अभियान के तहत कुछ लोग घर में रखे उपयोग योग्य खिलौने दान कर रहे हैं, वहीं कई लोग बच्चों के लिए नए खिलौने खरीदकर भी इस पहल में सहभागी बन रहे हैं। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल ने भी खिलौना दान कर अभियान को सहयोग दिया है। अब तक बड़ी संख्या में खिलौने प्राप्त हो चुके हैं और दान का सिलसिला लगातार जारी है।
इस पहल का उद्देश्य जिले के 2,602 आंगनबाड़ी केंद्रों में आने वाले बच्चों को खेल-खेल में सीखने, कल्पनाशक्ति विकसित करने और रचनात्मक गतिविधियों के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है। एकत्र किए गए खिलौनों को व्यवस्थित रूप से संकलित और वर्गीकृत करने के बाद जरूरत के अनुसार विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा। पहाड़ी कोरवा बसाहटों और दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के आंगनबाड़ी केंद्रों को विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने जिलेवासियों से खिलौना दान अभियान में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बच्चों के बड़े हो जाने के बाद घर में रखे खिलौने किसी दूसरे बच्चे के लिए खुशी, खेल और सीखने का माध्यम बन सकते हैं। नागरिक साफ-सुथरे, सुरक्षित और उपयोग योग्य खिलौनों के साथ बच्चों के लिए उपयोगी पुस्तकें भी दान कर सकते हैं।
महिला एवं बाल विकास अधिकारी बसन्त मिंज ने रविवार काे बताया कि अभियान आगामी कुछ दिनों तक जारी रहेगा। खिलौना दान करने या खिलौना संग्रह रथ को अपने घर बुलाने के लिए मोबाइल नंबर 9340509567 पर संपर्क किया जा सकता है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी