कोरबा–रायपुर यात्री ट्रेनों की लेटलतीफी पर सांसद ज्योत्सना महंत ने जताई चिंता, जीएम और डीआरएम को लिखा पत्र
कोरबा, 19 अगस्त (हि. स.)। कोरबा–रायपुर और रायपुर–कोरबा के बीच संचालित यात्री ट्रेनों की लगातार हो रही लेटलतीफी को लेकर कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने चिंता जताई है। उन्होंने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक और मंडल रेल प्रबंधक, बिलासपुर को पत्र लिखकर चांपा–बिलासपुर रेलखंड में ट्रेनों के अनावश्यक विलंब की समस्या का शीघ्र निराकरण करने की मांग की है। सांसद ने रेलवे अधिकारियों से मोबाइल पर चर्चा कर भी यात्रियों की परेशानी का मामला उठाया।
सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने बुधवार काे बताया कि कोरबा–रायपुर रेल मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में कर्मचारी, विद्यार्थी, व्यवसायी, मरीज और आम नागरिक यात्रा करते हैं। ऐसे में ट्रेनों का समय पर संचालन उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। लगातार देरी के कारण यात्रियों को कार्यालय, अस्पताल, शिक्षण संस्थानों और अन्य जरूरी कार्यों तक समय पर पहुंचने में परेशानी हो रही है।
उन्होंने पत्र में विशेष रूप से चांपा–बिलासपुर रेलखंड में होने वाली देरी का उल्लेख किया। सांसद के अनुसार कई बार ट्रेनें अपने प्रारंभिक स्टेशन से निर्धारित समय के आसपास रवाना होने के बावजूद चांपा और बिलासपुर के बीच पहुंचते-पहुंचते काफी विलंबित हो जाती हैं। इससे यात्रियों की पूरी यात्रा प्रभावित होती है और उन्हें अनावश्यक इंतजार करना पड़ता है।
सांसद ज्योत्सना महंत ने रेलवे प्रशासन से हसदेव एक्सप्रेस, शिवनाथ एक्सप्रेस, कोरबा–रायपुर एवं रायपुर–कोरबा मेमू सहित अन्य यात्री ट्रेनों के समयपालन की विशेष समीक्षा करने की मांग की है। उन्होंने चांपा–बिलासपुर रेलखंड में ट्रेनों के विलंब के वास्तविक कारणों की जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाने पर जोर दिया है।
उन्होंने रेलवे से मांग की है कि यात्री ट्रेनों को अनावश्यक रूप से रोकने की व्यवस्था पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए और कोरबा–रायपुर तथा रायपुर–कोरबा ट्रेनों का निर्धारित समयपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही इस रेलखंड पर ट्रेनों के संचालन की विशेष मॉनिटरिंग कर लगातार हो रही देरी का कारणवार विश्लेषण करने की मांग की गई है।
सांसद ने यह भी कहा कि यदि निर्माण, रखरखाव या परिचालन संबंधी कार्यों के कारण ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ रहा है तो यात्रियों को इसकी पूर्व सूचना दी जानी चाहिए, ताकि वे अपनी यात्रा की योजना उसी अनुसार बना सकें।
ज्योत्सना महंत ने कहा कि कोरबा क्षेत्र के लिए रेल सेवा महज आवागमन का साधन नहीं, बल्कि लाखों लोगों की दैनिक जरूरत और जीवनरेखा है। इसलिए यात्री ट्रेनों के समयपालन से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने रेलवे प्रशासन से चांपा–बिलासपुर रेलखंड में ट्रेनों की लेटलतीफी का स्थायी समाधान कर यात्रियों को राहत देने की अपेक्षा की है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी